पुणे में छत्तीसगढ़ के मजदूर परिवार पर अत्याचार: ठेकेदार ने बंधक बनाकर की बेरहमी से पिटाई

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के एक मजदूर परिवार के साथ महाराष्ट्र के पुणे में अमानवीय व्यवहार का मामला सामने आया है। आरोप है कि लेबर ठेकेदार ने परिवार को बंधक बनाकर मारपीट की, जिसमें कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।


काम दिलाने के बहाने ले गया पुणे

जानकारी के मुताबिक, ठेकेदार भुवनेश्वर राय और सुरेंद्र राय नवंबर 2025 में बिलासपुर आए थे। उन्होंने पचपेड़ी क्षेत्र के एक परिवार को काम का झांसा देकर एडवांस पैसे दिए और पुणे के चांदे गांव ले गए, जहां उनसे मजदूरी कराई जा रही थी।


पैसे मांगने पर की मारपीट

परिजनों के अनुसार, जब मजदूरी और इलाज के लिए पैसे मांगे गए तो ठेकेदार भड़क गया। उसने अपने साथियों के साथ मिलकर मजदूरों की बेरहमी से पिटाई की, जिससे कई लोगों के सिर फट गए।


प्रेग्नेंट महिला को भी नहीं मिली मदद

पीड़ित परिवार ने बताया कि गर्भवती महिला के इलाज के लिए भी ठेकेदार ने पैसे देने से इनकार कर दिया। विरोध करने पर पूरे परिवार के साथ मारपीट की गई।


एक सदस्य को बनाया बंधक

आरोप है कि परिवार के मुखिया को जबरन बंधक बनाकर रखा गया है। परिवार के अन्य सदस्य किसी तरह वहां से भागकर बिलासपुर पहुंचे और पुलिस से मदद की गुहार लगाई।


मारपीट का वीडियो वायरल

इस घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें ठेकेदार और उसके साथी मजदूरों के साथ मारपीट करते नजर आ रहे हैं। पुलिस वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान और लोकेशन ट्रेस कर रही है।


पुलिस और प्रशासन अलर्ट

पीड़ितों ने बिलासपुर एसएसपी से शिकायत की है। प्रशासन ने महाराष्ट्र पुलिस से संपर्क कर बंधक मजदूर को सुरक्षित वापस लाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही श्रम विभाग को भी मामले की जानकारी दी गई है।


परिवार ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और अपने परिजनों की सुरक्षित वापसी की मांग की है।

Back to top button