नाबालिग के आपत्तिजनक फोटो-वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर करने वाला बाल अपचारी पकड़ा गया

रायगढ़। रायगढ़ साइबर थाना पुलिस ने सोशल मीडिया पर नाबालिग बालिका के आपत्तिजनक फोटो और वीडियो प्रसारित करने के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक बाल अपचारी को पकड़ लिया है। पुलिस ने उसके कब्जे से अपराध में प्रयुक्त मोबाइल फोन जब्त कर लिया है। मामले में वैधानिक कार्रवाई के बाद बाल अपचारी को किशोर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे बाल संप्रेक्षण गृह भेज दिया गया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 19 मई 2026 को चक्रधरनगर क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति ने साइबर थाना रायगढ़ में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उनकी नाबालिग पुत्री के निजी और आपत्तिजनक फोटो एवं वीडियो किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा इंस्टाग्राम पर साझा किए जा रहे हैं।

मामले की गंभीरता को देखते हुए साइबर थाना पुलिस ने तत्काल अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन और डीएसपी साइबर उन्नति ठाकुर के पर्यवेक्षण में साइबर टीम ने तकनीकी विश्लेषण और डिजिटल जांच के जरिए संबंधित इंस्टाग्राम अकाउंट संचालक की पहचान की।

जांच में पता चला कि उक्त अकाउंट एक 17 वर्षीय बाल अपचारी द्वारा संचालित किया जा रहा था। पुलिस ने 19 जून को उसे अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने सोशल मीडिया के माध्यम से नाबालिग बालिका सहित अन्य युवाओं से संपर्क करने तथा निजी सामग्री को विभिन्न चैट समूहों में साझा करने की बात स्वीकार की।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन जब्त कर लिया है। मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम तथा पॉक्सो अधिनियम की प्रासंगिक धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस डिजिटल साक्ष्यों का विस्तृत परीक्षण भी कर रही है।

इस कार्रवाई में साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक विजय चेलक, प्रधान आरक्षक दुर्गेश सिंह एवं साइबर टीम के अन्य कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने अभिभावकों से अपील की है कि वे बच्चों की ऑनलाइन गतिविधियों पर नियमित निगरानी रखें और उन्हें सोशल मीडिया के सुरक्षित एवं जिम्मेदार उपयोग के प्रति जागरूक करें। उन्होंने कहा कि बच्चों को अनजान लोगों से ऑनलाइन मित्रता करने, निजी जानकारी साझा करने तथा व्यक्तिगत फोटो-वीडियो भेजने से बचने की सलाह देना आवश्यक है।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया का दुरुपयोग कर बच्चों की निजता और सम्मान को प्रभावित करने वाले व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।

Back to top button