प्रधानमंत्री के जन्मदिवस पर ‘संकल्प के दीप’ और जश्न के बीच पुसौर में सुलगती असंतोष की चिंगारी : पुसौर में भाजपा के 8 पार्षदों का इस्तीफा, क्या रायगढ़ नगर निगम में भी सुलग रही है असंतोष की चिंगारी?

रायगढ़ जिले के पुसौर नगर पंचायत से एक बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम सामने आया है, जहां भारतीय जनता पार्टी के 8 पार्षदों ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से अपना इस्तीफा जिला भाजपा अध्यक्ष अरुणधर दीवान को भेज दिया है। 15 सदस्यीय इस नगर पंचायत में एक साथ इतने पार्षदों का इस्तीफा देना और वह भी पार्टी की अपनी ही नगर सरकार के खिलाफ, स्थानीय संगठन के भीतर मचे घमासान को उजागर करता है।

अध्यक्ष की कार्यप्रणाली और विकास कार्यों की अनदेखी से नाराजगी

प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस्तीफा देने वाले पार्षदों ने नगर पंचायत अध्यक्ष मानी मोहित सतपथी की कार्यप्रणाली पर गंभीर असंतोष जताया है। पार्षदों का मुख्य आरोप है कि क्षेत्र में अपेक्षित विकास कार्य नहीं हो रहे हैं और उनकी लगातार उपेक्षा की जा रही है। हालांकि इस पूरे घटनाक्रम पर फिलहाल भाजपा संगठन की ओर से कोई आधिकारिक विस्तृत प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, लेकिन इस बगावत से राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का बाजार गर्म है। अब देखना यह होगा कि संगठन इन इस्तीफों को स्वीकार करता है या डैमेज कंट्रोल के तहत मान-मनौव्वल का दौर शुरू होता है।

क्या रायगढ़ नगर निगम में भी खुलने वाला है बगावत का मोर्चा?

पुसौर की इस घटना ने रायगढ़ नगर निगम की अंदरूनी राजनीति को भी गरमा दिया है। जिस प्रकार से रायगढ़ नगर निगम के भीतर भी भाजपा पार्षदों की नाराजगी और असंतोष की खबरें अंदरखाने से लगातार सामने आ रही हैं, वह संगठन के लिए चिंता का विषय बन सकता है।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यदि समय रहते रायगढ़ के लोकप्रिय विधायक एवं वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी और जिला भाजपा अध्यक्ष अरुणधर दीवान ने हस्तक्षेप नहीं किया तथा पार्षदों और नगर सरकार के बीच बढ़ रही दूरियों को पाटने का प्रयास नहीं किया, तो पुसौर की तरह रायगढ़ नगर निगम के भाजपा पार्षद भी कभी भी अपनी ही नगर सरकार के खिलाफ खुलकर मोर्चा खोल सकते हैं। यदि ऐसा हुआ तो आने वाले दिनों में संगठन के लिए भीतरघात और कलह से निपटना एक बड़ी चुनौती साबित होगा।

प्रधानमंत्री के जन्मदिवस पर ‘संकल्प के दीप’ और जश्न के बीच पुसौर में सुलगता असंतोष

पूरे देश के साथ-साथ रायगढ़ जिले में भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर जगह-जगह ‘संकल्प के दीप’ प्रज्वलित किए जा रहे हैं और सेवा संकल्प अभियान के तहत जश्न व उत्सव का माहौल है। लेकिन दूसरी ओर, रायगढ़ जिले के पुसौर विकासखंड में राजनीतिक गलियारों से एक अलग ही तस्वीर सामने आ रही है, जहां जश्न के इस माहौल के बीच भीतरखाने असंतोष की सुलगती चिंगारी ने बड़ा रूप ले लिया है।

एक तरफ जहां प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर रोशनी और संकल्प के कार्यक्रम आयोजित हो रहे हैं, वहीं पुसौर नगर पंचायत में भाजपा के भीतर उपजा आंतरिक कलह और असंतोष खुलकर सामने आ गया है। पार्टी से जुड़े 8 निर्वाचित पार्षदों ने नगर पंचायत अध्यक्ष की कार्यप्रणाली और विकास कार्यों की अनदेखी से नाराज होकर अपनी ही पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से सामूहिक इस्तीफा जिला भाजपा अध्यक्ष को सौंप दिया है। इस घटनाक्रम ने राजनीतिक हलकों में खलबली मचा दी है, और यह चर्चा तेज हो गई है कि पार्टी के भीतर सबकुछ ठीक नहीं चल रहा है।

Back to top button