फर्जी ऑनलाइन पेमेंट दिखाकर पेट्रोल भरवाने वाला युवक गिरफ्तार, जूटमिल पुलिस ने किया खुलासा
रायगढ़, 7 अगस्त। रायगढ़ जिले के जूटमिल थाना पुलिस ने पेट्रोल पंप पर फर्जी ऑनलाइन भुगतान का स्क्रीनशॉट दिखाकर पेट्रोल भरवाने और बिना भुगतान किए फरार होने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मारुति सुजुकी बलेनो कार जब्त कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, 31 जुलाई 2026 को दर्रामुड़ा स्थित भारत पेट्रोलियम पेट्रोल पंप के संचालक अमित कुमार गुप्ता ने शिकायत दर्ज कराई थी कि एक युवक बीते दो महीनों में दो बार बलेनो कार से पेट्रोल पंप पहुंचा। पहली बार उसने 7 जून की रात ₹2,500 और दूसरी बार 25 जुलाई की रात ₹3,600 का पेट्रोल भरवाया। दोनों बार उसने क्यूआर कोड से भुगतान करने का दावा करते हुए मोबाइल में फर्जी भुगतान का स्क्रीनशॉट दिखाया और कर्मचारियों को झांसा देकर मौके से फरार हो गया। इस तरह पेट्रोल पंप को कुल ₹6,100 का नुकसान हुआ।
शिकायत के आधार पर जूटमिल थाना में मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज और झलमला टोल प्लाजा सहित अन्य स्थानों के कैमरों की जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी ने कार की नंबर प्लेट को काली पट्टी से ढंक रखा था। वाहन पर लगे अलग-अलग रंग के मिरर कवर और डिक्की के पास मरम्मत के निशान जैसे विशेष चिन्हों के आधार पर पुलिस ने संदिग्ध कार की पहचान की।
जांच में वाहन क्रमांक CG-13-AQ-2394 को चिन्हित किया गया। पेट्रोल पंप कर्मचारियों से वाहन की शिनाख्त कराई गई, जिसके बाद चालक मयंक शर्मा (19 वर्ष), निवासी बावलीकुआं, रायगढ़ से पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने दोनों घटनाओं को अंजाम देने की बात स्वीकार कर ली।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त सफेद रंग की मारुति सुजुकी बलेनो कार और संबंधित दस्तावेज जब्त किए। आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी से संबंधित धाराएं जोड़ते हुए उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी विश्लेषण के माध्यम से धोखाधड़ी करने वाले अपराधियों की पहचान कर उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।



