
बलरामपुर में दर्दनाक सड़क हादसा : स्कूटी सवार लैब सहायिका की मौत, शिक्षिका गंभीर घायल
बलरामपुर, 25 अप्रैल 2026। जिले के वाड्रफनगर-रामानुजगंज मुख्य मार्ग पर शनिवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में एक लैब सहायिका की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि साथ जा रही शिक्षिका गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना बसंतपुर थाना क्षेत्र की है।
स्कूल जाते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, करमडीहा स्कूल की लैब सहायिका रामकली मिंज और शिक्षिका रजनी केवट स्कूटी से अपने विद्यालय जा रही थीं। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी।
मौके पर ही हुई मौत, शिक्षिका की हालत गंभीर
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि रामकली मिंज ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं रजनी केवट गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घायल शिक्षिका को स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से वाड्रफनगर सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
ट्रक चालक फरार, वाहन जब्त
हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलने पर बसंतपुर पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक को जब्त कर लिया।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।
सड़क सुरक्षा को लेकर उठी मांग
घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण और सड़क सुरक्षा उपायों को मजबूत करने की मांग की है।


