बलरामपुर में फल कारोबारी के घर चोरी: ताला तोड़कर करीब 1 लाख रुपये ले गए चोर, एक घंटे में वारदात

बलरामपुर। जिला मुख्यालय के वार्ड क्रमांक 5 में शुक्रवार शाम एक फल कारोबारी के घर चोरी की घटना सामने आई। परिवार के लोग करीब एक घंटे के लिए घर में ताला लगाकर दुकान गए थे। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया और करीब एक लाख रुपये नकद लेकर फरार हो गए।

दुकान जाने के बाद सूना था घर

वार्ड क्रमांक 5 निवासी सत्येंद्र गुप्ता फल का व्यवसाय करते हैं। शुक्रवार शाम करीब 6 बजे वे परिवार के साथ घर में ताला लगाकर चांदो चौक स्थित अपनी फल दुकान पर चले गए थे। इसी दौरान चोरों ने घर को सूना पाकर वारदात को अंजाम दिया।

लौटने पर टूटा मिला दरवाजे का ताला

सत्येंद्र गुप्ता और परिवार के सदस्य करीब 7:25 बजे घर लौटे तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जाने पर घर का सामान बिखरा पड़ा था। सामान की जांच करने पर करीब एक लाख रुपये नकद गायब मिले।

इसके बाद उन्होंने घटना की जानकारी पुलिस को दी।

आसपास के लोगों से पूछताछ, जांच जारी

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही चोरी से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल कर रही है।

करीब एक घंटे की गैरमौजूदगी में हुई इस चोरी के बाद वार्ड के लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और चोरों का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

Back to top button