बलरामपुर : रामानुजगंज में कपड़े की दुकान में भीषण आग, 50 लाख रुपये से अधिक के नुकसान की आशंका
सुबह लगी आग से दुकान का अधिकांश सामान जलकर राख, शॉर्ट सर्किट की आशंका
बलरामपुर। जिले के रामानुजगंज नगर स्थित स्टेट बैंक रोड पर मंगलवार तड़के एक कपड़े की दुकान में भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आने से दुकान में रखा कपड़ा और अन्य सामान जलकर राख हो गया। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, इस हादसे में 50 लाख रुपये से अधिक के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 5:30 बजे टहलने निकले लोगों ने दुकान से धुआं और आग की लपटें उठती देखीं। उन्होंने तत्काल दुकान संचालक निहाल जायसवाल को सूचना दी, जिसके बाद नगर पालिका की फायर ब्रिगेड को मौके पर बुलाया गया।
दमकल की टीम ने आग बुझाने का प्रयास शुरू किया, लेकिन आग तेजी से फैल चुकी थी। इस दौरान फायर ब्रिगेड के वाहन का पानी भी समाप्त हो गया। बाद में नगर पालिका के पानी के टैंकर और स्थानीय लोगों की मदद से बाल्टियों के जरिए पानी डालकर आग पर काबू पाया गया।
आग बुझाने के दौरान पार्षद पवन गुप्ता सहित रवि रंजन पाल, अमित गुप्ता, रोहित गुप्ता और अन्य स्थानीय नागरिकों ने भी राहत कार्य में सहयोग किया।
प्रशासन के अनुसार, आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। मामले की जांच जारी है।
उल्लेखनीय है कि रामानुजगंज नगर में एक सप्ताह के भीतर आग लगने की यह दूसरी बड़ी घटना है, जिससे व्यापारियों और स्थानीय लोगों में चिंता का माहौल है।


