
बलात्कारियों की आंखें निकाल लेनी चाहिए, महिलाओं के खिलाफ अत्याचार पर कांग्रेस MLA ने कही ये बात
अहमदाबाद। गुजरात कांग्रेस की एक विधायक ने मंगलवार को कहा कि महिलाओं के खिलाफ अत्याचार किये जाने की स्थिति में पुलिस की प्रतीक्षा किये बिना सभी महिलाओं को एकजुट होकर दोषी को सब के सामने ही आग लगा देनी चाहिए, जबकि एक अन्य महिला विधायक ने सलाह दी कि बुरी नीयत से महिलाओं की ओर देखने वाले अपराधियों और बलात्कारियों की आंखें निकाल लेनी चाहिए।
कांग्रेस सेवा दल की ओर से अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर आयोजित एक कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए विधायक गेनिबेन ठाकोर ने कहा कि अत्याचार की स्थिति में महिलाओं को पुलिस या सरकार की मदद के लिए इंतजार नहीं करना चाहिए।
उन्होंने कहा, ‘‘जब अत्याचार किया गया हो या अन्याय हुआ हो तो पुलिस या सरकार की सहायता का इंतजार किये बिना, आसपास की 50 महिलाओं को एकजुट होकर अपराधी को किरोसीन तेल डालकर सभी के सामने ही आग लगा देनी चाहिए।’’ वह बनासकांठा जिले की वाव विधानसभा सीट का प्रतिनिधत्व करती हैं।