बलौदाबाजार करंट हादसे में तीसरी मौत, पति और बेटे के बाद वर्षा गुप्ता ने भी तोड़ा दम
रायपुर के निजी अस्पताल में चल रहा था इलाज, एक-दूसरे को बचाने की कोशिश में खत्म हो गया पूरा परिवार; घटना से शहर में शोक की लहर
बलौदाबाजार। जिले में हुए दर्दनाक करंट हादसे ने एक हंसते-खेलते परिवार को उजाड़ दिया। घर में सफाई के दौरान करंट की चपेट में आए कपड़ा कारोबारी राकेश गुप्ता और उनके बेटे के बाद अब पत्नी वर्षा गुप्ता की भी इलाज के दौरान मौत हो गई। शनिवार 7 नवंबर को रायपुर के एक निजी अस्पताल में उन्होंने अंतिम सांस ली। इस तरह हादसे में एक ही परिवार के तीनों सदस्यों की जान चली गई।
पति और बेटे को बचाने पहुंची थीं वर्षा गुप्ता
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह नेहरू चौक स्थित अपने घर में राकेश गुप्ता बालकनी में गए थे। वहां लोहे की ग्रिल में करंट प्रवाहित होने के कारण वे उसकी चपेट में आ गए। पिता को करंट से चिपका देखकर उनका बेटा ओम गुप्ता उन्हें बचाने पहुंचा, लेकिन वह भी करंट की चपेट में आ गया।
इसके बाद पति और बेटे को बचाने पहुंचीं वर्षा गुप्ता भी बिजली के तेज झटके से गंभीर रूप से घायल हो गईं।
रायपुर के निजी अस्पताल में चल रहा था उपचार
हादसे के बाद तीनों को जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया था। डॉक्टरों ने राकेश गुप्ता और उनके बेटे को मृत घोषित कर दिया था। गंभीर रूप से घायल वर्षा गुप्ता को बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया था। वहां उपचार के दौरान शनिवार दोपहर उनकी भी मौत हो गई।
एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत से शहर में शोक
इस हृदयविदारक घटना से बलौदाबाजार शहर में शोक की लहर है। राकेश गुप्ता शहर के प्रतिष्ठित कपड़ा कारोबारी बताए गए हैं। एक ही परिवार के तीन सदस्यों की असमय मौत से व्यापारिक जगत सहित स्थानीय लोग स्तब्ध हैं।
करंट फैलने की वजह की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घर की बालकनी की लोहे की ग्रिल में करंट फैलने से यह हादसा हुआ। हालांकि बिजली का करंट ग्रिल तक कैसे पहुंचा, इसकी वास्तविक वजह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।























































