बस्तर दशहरा को लेकर प्रशासन अलर्ट, कलेक्टर-एसपी ने प्रमुख आयोजन स्थलों का किया निरीक्षण

जगदलपुर। विश्व प्रसिद्ध बस्तर दशहरा पर्व को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। पर्व के दौरान श्रद्धालुओं और रस्मों से जुड़े लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ सुरक्षा, यातायात और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारी लगातार तैयारियों का जायजा ले रहे हैं।

इसी क्रम में कलेक्टर आकाश छिकारा और पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा ने बुधवार को बस्तर दशहरा से जुड़े प्रमुख स्थलों का संयुक्त निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर व्यवस्थाओं की स्थिति देखी और संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

सिरहासार से दशहरा पसरा तक व्यवस्थाओं की जांच

कलेक्टर और एसपी ने सिरहासार, काछनगुड़ी, जिया डेरा, माड़िया सराय, निशा जात्रा गुड़ी और दशहरा पसरा का निरीक्षण किया।

इस दौरान साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, श्रद्धालुओं की आवाजाही और रस्म अदायगी में शामिल लोगों के ठहरने की सुविधाओं की जानकारी ली गई। अधिकारियों ने आयोजन स्थलों पर आवश्यक व्यवस्थाओं को समय रहते पूरा करने पर जोर दिया।

विभागों को समय-सीमा में काम पूरा करने के निर्देश

निरीक्षण के दौरान जिला प्रशासन ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए। अधिकारियों से कहा गया कि बस्तर दशहरा से जुड़े सभी आवश्यक कार्य निर्धारित समय-सीमा से पहले पूरे कर लिए जाएं, ताकि पर्व के दौरान किसी तरह की अव्यवस्था न हो।

सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर भी मौके की स्थिति के अनुसार आवश्यक तैयारियां करने के निर्देश दिए गए।

कई विभागों के अधिकारी रहे मौजूद

निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ तन्मय खन्ना, अपर कलेक्टर सीपी बघेल, सहायक कलेक्टर यशवंत नायक और अनुविभागीय दंडाधिकारी मनीष वर्मा सहित राजस्व, लोक निर्माण विभाग और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

अधिकारियों ने आयोजन स्थलों की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश प्राप्त किए। प्रशासन का फोकस पर्व के दौरान परंपरागत रस्मों के सुचारू संचालन के साथ श्रद्धालुओं के लिए आवश्यक मूलभूत सुविधाएं और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने पर है।

Back to top button