बाजार में छोटे नोटों और सिक्कों की उपलब्धता के लिए सुशील रामदास ने बैंकों से किया आग्रह: आगामी त्योहारों को लेकर चैंबर उपाध्यक्ष ने की मांग

रायगढ़ — छत्तीसगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स एण्ड इंडस्ट्रीज के प्रदेश उपाध्यक्ष सुशील रामदास ने जिले के सभी सरकारी और गैर-सरकारी बैंकों से आगामी त्योहारी सीजन को ध्यान में रखते हुए बाजारों में छोटे नोटों तथा सिक्कों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि त्योहारी दिनों में खरीदारी बढ़ने से नकद लेन-देन में भी तेजी आती है, ऐसे में छोटे नोटों की कमी से व्यापारियों और ग्राहकों को असुविधा का सामना करना पड़ता है।

त्योहारी सीजन में बढ़ जाती है छोटे नोटों की मांग

सुशील रामदास ने बताया कि वर्तमान में गणेशोत्सव, नवरात्रि, दशहरा और दीपावली जैसे प्रमुख पर्व-त्योहार नजदीक हैं, जिनके दौरान बाजारों में ग्राहकों की संख्या कई गुना बढ़ जाती है। इस दौरान 5, 10, 20 और 50 रुपये के छोटे नोटों तथा सिक्कों की मांग काफी बढ़ जाती है। कई बार ग्राहकों द्वारा बड़े नोट देने पर व्यापारियों के पास छुट्टे पैसे न होने के कारण अनावश्यक विवाद की स्थिति बन जाती है, जिससे व्यापारिक गतिविधियां प्रभावित होती हैं।

बैंकों से विशेष काउंटर बनाने और पर्याप्त भंडारण की अपील

चैंबर उपाध्यक्ष ने सभी बैंक प्रबंधकों से अनुरोध किया है कि वे अपनी शाखाओं में छोटे नोटों और सिक्कों का पर्याप्त भंडारण रखें तथा व्यापारियों को उनकी आवश्यकतानुसार इनका वितरण करें। उन्होंने सुझाव दिया कि बैंक इस कार्य के लिए अलग से विशेष काउंटर या वैकल्पिक व्यवस्था बनाएं, जिससे शाखाओं में भीड़भाड़ से बचा जा सके और समय की भी बचत हो।

श्री रामदास ने विश्वास व्यक्त किया कि बैंकिंग संस्थान व्यापारियों और उपभोक्ताओं की सुविधा को सर्वोपरि रखते हुए संवेदनशीलता के साथ कार्य करेंगे और समय रहते आवश्यक कदम उठाएंगे, जिससे बाजार व्यवस्था सुचारu रूप से संचालित हो सकेगी और व्यापार को गति मिलेगी।

Back to top button