
बालक की मां की मौजूदगी में घर में घुसकर आरोपी ने किशोर को कार में ले भागा, पुलिस ने कुछ ही घंटों में आरोपी को दबोचा
लैलूंगा पुलिस की त्वरित कार्रवाई — अपहृत बालक सकुशल बरामद, आरोपी गिरफ्तार
कुंजारा-सारसमाल के बीच मिला अपहृत बालक को पुलिस ने किया दस्तयाब, जंगल में आरोपी को उसके कार के साथ किया गिरफ्तार
जंगल में घेराबंदी कर पकड़ा गया आरोपी — अपहरण में प्रयुक्त TUV वाहन जब्त
तेज कार्रवाई से बड़ी घटना टली — लैलूंगा पुलिस ने अपहरण केस में दिखाई सक्रियता
एसएसपी शशि मोहन सिंह का सख्त संदेश — अपहरण जैसे गंभीर अपराधों में त्वरित और कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी*
रायगढ़, 06 अप्रैल* । थाना लैलूंगा क्षेत्र में 17 वर्षीय किशोर के अपहरण के मामले में पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी राजेश गुप्ता (36 वर्ष), निवासी ग्राम टटकेला को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी अपहृत बालक का रिस्तेदार बताया गया है। घटना के संबंध में पीड़ित बालक की मां द्वारा 03 अप्रैल 2026 को थाना लैलूंगा में रिपोर्ट दर्ज कराई रिपोर्ट के अनुसार 02 अप्रैल की रात आरोपी राजेश गुप्ता शराब के नशे में पीड़िता के घर जबरन घुसा और उसके पुत्र को जगाकर उसके पिता के बारे में पूछताछ करने लगा। पिता के घर पर नहीं होने की जानकारी मिलने पर आरोपी ने किशोर को जबरन पकड़कर अपने साथ ले जाने लगा। विरोध करने पर आरोपी ने धमकी देते हुए कहा कि “इसको ले जा रहा हूं, इसका बाप 10,000 रुपये लेकर मेरे पास आएगा” और महिला को किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी।
पीड़िता जब गांव के लोगों के साथ थाना रिपोर्ट करने आ रही थी, तभी आरोपी ने रास्ते में उनकी गाड़ी को ओवरटेक कर दुर्घटना करने का प्रयास किया। ग्राम कुंजारा के पास आरोपी ने उनकी वेगनआर कार को टक्कर मार दी और बाद में थाना के पास पहुंचने पर उनकी इको कार को भी पीछे से टक्कर मारकर फरार हो गया। प्रार्थिया की रिपोर्ट पर थाना लैलूंगा में अपराध क्रमांक 111/2026 धारा 331(2), 137(2), 351(3), 281 बीएनएस एवं 184, 185 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन पर थाना प्रभारी लैलूंगा उप निरीक्षक गिरधारी साव एवं सहायक उप निरीक्षक राजेश दर्शन के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा तत्काल कार्रवाई करते हुए अपहृत बालक की पतासाजी की गई। बालक को ग्राम कुंजारा और सारसमाल के बीच सुरक्षित अवस्था में बरामद कर लिया गया। साथ ही आरोपी को जंगल क्षेत्र में उसके TUV वाहन सहित घेराबंदी कर गिरफ्तार किया गया। घटना में प्रयुक्त वाहन को भी जप्त कर लिया गया है।
आरोपी- राजेश गुप्ता पिता बेनूराग गुप्ता उम्र 36 वर्ष निवासी टटकेला थाना लैलूंगा जिला रायगढ़ को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। इस संपूर्ण कार्रवाई में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी एवं एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्दांत तिवारी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी लैलूंगा उप निरीक्षक गिरधारी साव, सहायक उप निरीक्षक राजेश दर्शन सहित पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।
एसएसपी का संदेश — अपहरण के इस घटना पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया है । आमजन की सुरक्षा रायगढ़ पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।”
