बिजली दर वृद्धि के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन, मुख्यमंत्री का पुतला दहन
सरगुजा जिला कांग्रेस कमेटी ने निकाली रैली, 18 जून को विद्युत कार्यालय घेराव का ऐलान
अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ में बिजली दरों में वृद्धि के विरोध में मंगलवार को सरगुजा जिला कांग्रेस कमेटी ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का पुतला दहन कर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर आयोजित इस आंदोलन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और बिजली दरों में की गई बढ़ोतरी को वापस लेने की मांग की।
झमाझम बारिश के बीच कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस कार्यालय से रैली निकालकर कलेक्टोरेट चौक तक मार्च किया। इस दौरान मुख्यमंत्री का पुतला दहन करने का प्रयास किया गया। पुतला दहन रोकने के लिए पुलिस ने हस्तक्षेप किया, जिससे पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच झूमा-झटकी की स्थिति भी बनी। हालांकि कांग्रेस कार्यकर्ता पुतला दहन करने में सफल रहे।
जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक ने कहा कि भाजपा सरकार ने अपने कार्यकाल में पांचवीं बार बिजली दरों में वृद्धि कर आम जनता, किसानों, व्यापारियों और मध्यम वर्गीय परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डालने का काम किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार लगातार बिजली महंगी कर रही है, जबकि पहले से ही लोग महंगाई की मार झेल रहे हैं।
पाठक ने कहा कि प्रदेश सरकार अब तक लगभग 1.30 रुपये प्रति यूनिट बिजली दरों में वृद्धि कर चुकी है। इसके साथ ही बिजली बिल हाफ जैसी जनकल्याणकारी योजना को भी समाप्त कर दिया गया, जिससे आम उपभोक्ताओं की परेशानी और बढ़ गई है।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि बिजली दर वृद्धि का फैसला वापस नहीं लिया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। इसी क्रम में जिला कांग्रेस कमेटी ने 18 जून को नमना स्थित विद्युत कार्यालय के घेराव की घोषणा भी की है।
कार्यक्रम में पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष हेमंत सिन्हा, मोहम्मद इस्लाम, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह धंजल, जगन्नाथ कुशवाहा, हेमंत तिवारी, विनीत विशाल जायसवाल, सीमा सोनी, संध्या रवानी, दुर्गेश गुप्ता, अशफाक अली, जीवन यादव, गुरप्रीत सिद्धू, रजनीश सिंह, सोहन जायसवाल, सतीश बारी, दिनेश शर्मा, गीता प्रजापति, शुभम जायसवाल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



