बिना अनुमति घनी आबादी में मोबाइल टावर निर्माण का आरोप, वार्डवासियों ने प्रशासन से लगाई रोक की गुहार
सक्ती। नगर के वार्ड क्रमांक-15 स्थित ऑफिसर कॉलोनी में घनी आबादी के बीच मोबाइल टावर स्थापित किए जाने को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि नगर पालिका की अनुमति के बिना टावर का निर्माण कराया जा रहा है। मामले को लेकर क्षेत्रवासियों ने एसडीएम, तहसीलदार और नगर पालिका परिषद के मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) को शिकायत सौंपकर निर्माण कार्य तत्काल रुकवाने की मांग की है।
शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि चारों ओर रिहायशी मकानों से घिरे क्षेत्र में बिना आवश्यक अनुमति और निर्धारित प्रक्रिया का पालन किए मोबाइल टावर खड़ा किया जा रहा है। उनका यह भी कहना है कि विरोध करने पर ठेकेदार द्वारा दबाव बनाने और अभद्र व्यवहार करने का प्रयास किया गया, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

नगर पालिका ने अनुमति नहीं होने की कही बात
नगर पालिका परिषद सक्ती के मुख्य नगर पालिका अधिकारी प्रहलाद पांडे ने बताया कि संबंधित मोबाइल टावर के लिए नगर पालिका की ओर से किसी प्रकार की अनुमति या अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) जारी नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि यदि वार्डवासियों और पार्षद की आपत्ति है तो मामले की गंभीरता से जांच की जाएगी और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
पार्षद ने भी जताया विरोध
वार्ड क्रमांक-15 के पार्षद रिक्की सेवक ने भी घनी आबादी के बीच मोबाइल टावर लगाए जाने पर आपत्ति जताई है। उन्होंने कहा कि बिना नगर पालिका की अनुमति और स्थानीय लोगों की सहमति के इस तरह का निर्माण उचित नहीं है। उन्होंने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर निर्माण कार्य पर रोक लगाने और पूरे मामले की जांच कराने की मांग की है।
जांच के बाद होगी स्थिति स्पष्ट
फिलहाल मामले में स्थानीय नागरिकों द्वारा शिकायत दर्ज कराई गई है। आरोपों की पुष्टि प्रशासनिक जांच के बाद ही हो सकेगी। अब यह देखना होगा कि संबंधित विभाग जांच में क्या तथ्य सामने लाते हैं और नियमों के उल्लंघन की स्थिति में क्या कार्रवाई की जाती है।



