बिना ड्रग इंस्पेक्टर के चेकिंग दवा व्यापारियों ने सौंपा ज्ञापन

विशेष प्रतिनिधि
इंदौर। शहर में दवा दुकानों पर बिना ड्रग इंस्पेक्टर के की जा रही पुलिस चेकिंग को लेकर दवा व्यापारियों में काफी नाराजगी है। दवा व्यापारी एसोसिएशन के अध्यक्ष विनय बाकलीवाल के नेतृत्व में व्यापारियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधिकारियों को सौंपा ज्ञापन ।
व्यापारियों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से पुलिस की टीमें बिना ड्रग इंस्पेक्टर के ही मेडिकल स्टोर्स पर चेकिंग कर रही हैं, जिससे व्यापारियों को परेशानी और उत्पीड़न का सामना करना पड़ रहा है।
ज्ञापन में मांग की गई है कि दवा दुकानों की जांच नियमानुसार ड्रग इंस्पेक्टर की मौजूदगी में ही की जाए। व्यापारियों ने कहा कि वे नियमों के पालन के पूरी तरह पक्षधर हैं, लेकिन चेकिंग का तरीका नियमसम्मत होना चाहिए।
प्रतिनिधिमंडल ने पहले महिला पुलिस अधिकारी को ज्ञापन सौंपा, इसके बाद एडिशनल डीसीपी प्रियंका डुंडे से भी मुलाकात की। बैठक में व्यापारियों ने अपनी समस्याएं विस्तार से रखीं।
इस पर एडिशनल डीसीपी प्रियंका डुंडे ने कहा कि ज्ञापन प्राप्त हो गया है। नारकोटिक्स विभाग को इस संबंध में सूचित कर दिया गया है और भविष्य में चेकिंग के दौरान आवश्यक अधिकारी को साथ रखा जाएगा।
व्यापारियों ने पुलिस के आश्वासन पर संतोष जताया और उम्मीद जताई कि अब चेकिंग नियमानुसार होगी।
