IPL सट्टे के बड़े नेटवर्क पर रायपुर पुलिस का डिजिटल वार, 26 आरोपी गिरफ्तार

आईपीएल मैचों में ऑनलाइन सट्टेबाजी के जरिए करोड़ों रुपए के अवैध कारोबार का खुलासा करते हुए रायपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। लगातार कई दिनों तक चले गुप्त ऑपरेशन के बाद पुलिस ने अलग-अलग राज्यों से संचालित हो रहे पांच बड़े ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क को ध्वस्त करने का दावा किया है। कार्रवाई में 26 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

[img-slider id="274450"]

रायपुर पुलिस कमिश्नरेट की एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट ने विभिन्न थाना पुलिस के साथ मिलकर यह कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार आईपीएल सीजन के दौरान शहर से जुड़े कई सटोरिए दूसरे राज्यों में बैठकर ऑनलाइन बेटिंग पैनल संचालित कर रहे थे। लंबे समय से इन गतिविधियों की सूचना मिल रही थी, जिसके बाद तकनीकी निगरानी और नेटवर्क ट्रैकिंग के जरिए पूरी कार्रवाई की योजना बनाई गई।

कई राज्यों तक फैला था नेटवर्क

जांच में सामने आया कि यह नेटवर्क रायपुर के अलावा कोलकाता, नागपुर, गुरुग्राम, गोवा और हरियाणा तक फैला हुआ था। आरोपियों द्वारा विभिन्न ऑनलाइन बेटिंग वेबसाइट और पैनलों के माध्यम से आईपीएल मैचों पर सट्टा खिलाया जा रहा था।

पुलिस ने कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में मोबाइल फोन, लैपटॉप, नकदी, बैंकिंग दस्तावेज और वाहन जब्त किए हैं। शुरुआती आंकड़ों के अनुसार इस कार्रवाई में लाखों रुपए का सामान और नकद राशि बरामद की गई है।

तकनीकी सर्विलांस से खुला राज

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक ऑनलाइन सट्टे के संचालन में हाईटेक तकनीकों का इस्तेमाल किया जा रहा था। आरोपी अलग-अलग शहरों में बैठकर मोबाइल एप, वेबसाइट और पैनल के जरिए ग्राहकों से संपर्क करते थे। पैसों का लेनदेन डिजिटल माध्यमों और बैंक खातों के जरिए किया जाता था।

साइबर टीम ने मोबाइल लोकेशन, इंटरनेट गतिविधियों और डिजिटल ट्रांजैक्शन की निगरानी करते हुए नेटवर्क तक पहुंच बनाई। इसके बाद एक साथ कई स्थानों पर दबिश देकर आरोपियों को पकड़ा गया।

कई आरोपी पहले भी रहे हैं सक्रिय

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार किए गए कुछ आरोपी पहले भी ऑनलाइन सट्टेबाजी और जुआ से जुड़े मामलों में शामिल रहे हैं। कई आरोपियों के खिलाफ पहले से केस दर्ज होने की जानकारी भी पुलिस को मिली है।

संपत्ति अटैच करने की तैयारी

पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ जुआ प्रतिषेध कानून और अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। अधिकारियों का कहना है कि इस अवैध कारोबार से अर्जित चल और अचल संपत्तियों की भी जांच की जा रही है। जरूरत पड़ने पर संपत्ति जब्त करने की कार्रवाई भी की जाएगी।

रायपुर पुलिस का कहना है कि आईपीएल और अन्य खेल आयोजनों के दौरान ऑनलाइन सट्टेबाजी पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और ऐसे नेटवर्क के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Back to top button