बिलासपुर में गैस एजेंसी पर कालाबाजारी का आरोप, उपभोक्ताओं ने किया हंगामा

बिलासपुर, 8 मई 2026: बिलासपुर की बालाजी गैस एजेंसी में घरेलू गैस सिलेंडर की कथित कालाबाजारी को लेकर गुरुवार को उपभोक्ताओं ने जमकर हंगामा किया। नाराज उपभोक्ताओं ने एजेंसी के खिलाफ कलेक्ट्रेट पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई और निष्पक्ष जांच की मांग की।

उपभोक्ताओं का आरोप है कि ऑनलाइन बुकिंग और भुगतान के बावजूद उन्हें सिलेंडर नहीं दिया जा रहा, जबकि अन्य लोगों को सीधे गैस सिलेंडर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।


“बुकिंग हमारे नाम, सिलेंडर किसी और को”

हंगामा कर रहे उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया कि एजेंसी में ऑनलाइन बुकिंग और भुगतान वास्तविक उपभोक्ता के नाम से होता है, लेकिन सिलेंडर किसी दूसरे व्यक्ति को दे दिया जाता है।

लोगों का कहना है कि घंटों लाइन में खड़े रहने के बाद भी उन्हें “स्टॉक खत्म” होने की बात कहकर लौटा दिया जाता है, जबकि कुछ लोगों को सीधे सिलेंडर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।


महिलाओं और बुजुर्गों ने जताई नाराजगी

गैस सिलेंडर नहीं मिलने से परेशान महिलाओं और बुजुर्गों ने एजेंसी परिसर में विरोध प्रदर्शन किया। उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया कि घरेलू गैस सिलेंडर की ब्लैक मार्केटिंग की जा रही है।

स्थिति बिगड़ते देख एजेंसी संचालक और मैनेजर ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को शांत कराने का प्रयास किया।


कलेक्ट्रेट पहुंचकर की शिकायत

एजेंसी में विरोध प्रदर्शन के बाद पीड़ित उपभोक्ता कलेक्ट्रेट पहुंचे और अपर कलेक्टर शिवकुमार बनर्जी से मुलाकात कर शिकायत सौंपी।

अपर कलेक्टर ने खाद्य विभाग को मामले की जांच करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही अधिकारियों से कहा गया है कि किसी भी उपभोक्ता को गैस वितरण में परेशानी न हो।


कलेक्टर ने पहले ही दी थी सख्त चेतावनी

गौरतलब है कि हाल ही में कलेक्टर संजय अग्रवाल ने जिले की गैस वितरण व्यवस्था की समीक्षा बैठक ली थी। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए थे कि किसी भी उपभोक्ता को गैस की कमी का सामना नहीं करना पड़े।

कलेक्टर ने यह भी चेतावनी दी थी कि यदि किसी एजेंसी द्वारा गैस सिलेंडर की कालाबाजारी या अनियमितता पाई गई, तो संबंधित एजेंसी का लाइसेंस निरस्त किया जा सकता है।

Back to top button