छत्तीसगढ़देश विदेश

बिलासपुर में ट्रेन की लेटलतीफी का असर, RSS प्रमुख मोहन भागवत को भी करना पड़ा इंतजार

नवरात्रि दिवाली मोबाइल मेगा ऑफर
श्री पारस कलेक्शन दिवाली धमाका

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ में ट्रेनों की लगातार देरी से यात्रियों को हो रही परेशानी के बीच इस बार राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत को भी ट्रेन का इंतजार करना पड़ा। बिलासपुर के दो दिवसीय प्रवास के बाद जबलपुर रवाना होने के लिए उन्हें उसलापुर रेलवे स्टेशन पर अमरकंटक एक्सप्रेस के आने का इंतजार करना पड़ा। ट्रेन करीब 45 मिनट की देरी से पहुंची, जिसके बाद वे कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच जबलपुर के लिए रवाना हुए।

दो दिवसीय प्रवास में संगठनात्मक बैठकों में हुए शामिल

डॉ. मोहन भागवत बिलासपुर प्रवास के दौरान संघ के वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ संगठनात्मक चर्चा में शामिल हुए। प्रवास के पहले दिन उन्होंने बौद्धिक वर्ग को संबोधित किया, जबकि दूसरे दिन शुक्रवार को संघ पदाधिकारियों के साथ बैठक की।

बताया गया कि शुक्रवार शाम 7 बजे से पहले ही उनका कार्यक्रम पूरा हो गया था। जबलपुर जाने के लिए उन्हें अमरकंटक एक्सप्रेस से यात्रा करनी थी। ट्रेन का इंतजार करते हुए उन्होंने कोनी स्थित सरस्वती शिशु मंदिर में भोजन किया।

निर्धारित समय से पहले स्टेशन पहुंचे थे भागवत

मिली जानकारी के अनुसार, दुर्ग से रवाना हुई अमरकंटक एक्सप्रेस निर्धारित समय से करीब 45 मिनट की देरी से उसलापुर स्टेशन पहुंची। समय के पाबंद माने जाने वाले मोहन भागवत रात करीब 9 बजे ही स्टेशन पहुंच गए थे। वहां उन्हें ट्रेन के विलंब से चलने की जानकारी मिली, जिसके बाद उन्हें स्वयंसेवकों के साथ स्टेशन पर इंतजार करना पड़ा।

ट्रेन के करीब 9:45 बजे पहुंचने के बाद वे जबलपुर के लिए रवाना हुए। वहां उन्हें संघ से जुड़े कार्यक्रमों में शामिल होना है।

रेलवे की लेटलतीफी पर फिर उठे सवाल

छत्तीसगढ़ से होकर गुजरने वाली कई एक्सप्रेस ट्रेनों के घंटों देरी से चलने के कारण यात्रियों को लगातार परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ट्रेन के इंतजार में यात्रियों को स्टेशन पर अतिरिक्त समय बिताना पड़ता है, जिससे उनकी आगे की यात्रा और जरूरी काम भी प्रभावित होते हैं।

रेलवे प्रशासन का कहना है कि इंफ्रास्ट्रक्चर विकास और निर्माण कार्यों के चलते ट्रेनों का परिचालन प्रभावित हो रहा है। हालांकि, ट्रेनों की समयबद्धता यात्रियों के लिए एक बड़ी समस्या बनी हुई है।

यात्रियों की समस्याओं पर जनसंवाद में नहीं हुई चर्चा

इस घटना से एक दिन पहले दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के जोनल मुख्यालय में यात्रियों की समस्याएं सुनने के लिए जनसंवाद आयोजित किया गया था। खबर के मुताबिक, इस दौरान यात्री अपनी समस्याएं रखने के लिए मौजूद रहे, लेकिन उन्हें अपनी बात रखने का पर्याप्त अवसर नहीं मिला।

रेलवे महाप्रबंधक तरुण प्रकाश स्टेशन निरीक्षण के लिए पहुंचे और यात्रियों से बातचीत भी की। हालांकि, ट्रेनों की देरी जैसी प्रमुख समस्या पर चर्चा नहीं होने को लेकर सवाल उठे।

मोहन भागवत को अमरकंटक एक्सप्रेस के लिए करना पड़ा इंतजार, एक बार फिर बिलासपुर रेल जोन में ट्रेनों की लेटलतीफी और यात्रियों की परेशानियों को चर्चा में ले आया है।

Show More
भीम तिवारी

भीम तिवारी

प्रधान संपादक
Back to top button