बिलासपुर में पथराव कांड: हिस्ट्रीशीटर सोहेल खान ने किया सरेंडर, अब तक 12 आरोपी गिरफ्तार

खपरगंज की घटना के बाद पुलिस की कार्रवाई तेज

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर के खपरगंज इलाके में दो पक्षों के बीच हुए विवाद, मारपीट और पथराव के मामले में पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। फरार चल रहे हिस्ट्रीशीटर सोहेल खान ने पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया है। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

पुलिस टीमों की लगातार दबिश के बाद सरेंडर

घटना के बाद से सोहेल खान की तलाश में पुलिस की अलग-अलग टीमें संभावित ठिकानों और रिश्तेदारों के यहां दबिश दे रही थीं। परिजनों से भी पूछताछ की गई। इसके बाद मंगलवार शाम सोहेल खुद पुलिस के सामने पहुंचा और सरेंडर कर दिया।

सोहेल ने खुद को बताया निर्दोष

सरेंडर से पहले सोहेल खान ने मीडिया से बातचीत में घटना में अपनी संलिप्तता से इनकार किया। उसका कहना है कि घटना के समय वह मौके पर मौजूद नहीं था और उसे मामले में गलत तरीके से फंसाया जा रहा है। उसने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

एसीसीयू ने देर रात तक की पूछताछ

हिरासत में लिए जाने के बाद एसीसीयू की टीम ने सोहेल खान से देर रात तक पूछताछ की। पुलिस उससे घटना में शामिल अन्य लोगों और फरार आरोपियों के संभावित ठिकानों के बारे में जानकारी जुटा रही है। उसे न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया भी की जा रही है।

दोनों पक्षों से जुड़े 12 आरोपी गिरफ्तार

पुलिस के मुताबिक, अब तक इस मामले में दोनों पक्षों से जुड़े कुल 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। कुछ अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस की टीमें लगातार कार्रवाई कर रही हैं।

विवाद के बाद पुलिस पर भी हुआ था पथराव

मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के खपरगंज का है। युवकों के दो गुटों के बीच विवाद के बाद मारपीट और पथराव की स्थिति बन गई थी। हालात नियंत्रित करने पहुंची पुलिस टीम पर भी पथराव किया गया, जिसमें तारबाहर थाना प्रभारी रवि तिवारी समेत 9 पुलिसकर्मी घायल हुए थे। स्थिति संभालने के लिए पुलिस को आंसू गैस और लाठीचार्ज का सहारा लेना पड़ा।

सोशल मीडिया पोस्ट और पुरानी रंजिश की भी जांच

पुलिस की प्रारंभिक जांच में विवाद के पीछे सोशल मीडिया पर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी और पुरानी रंजिश को लेकर विवाद की बात सामने आई है। हालांकि पूरे घटनाक्रम में किसकी क्या भूमिका रही, इसकी जांच अभी जारी है।

सीसीटीवी फुटेज से आरोपियों की पहचान

पुलिस घटना से जुड़े सीसीटीवी फुटेज की भी जांच कर रही है। फुटेज के आधार पर पथराव और हिंसा में शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा रही है। पुलिस का फोकस फरार आरोपियों को पकड़ने पर भी है।

दूसरे पक्ष का मुख्य आरोपी भी फरार

पुलिस के अनुसार मामले में दूसरे पक्ष से जुड़ा मुख्य आरोपी ठाकुर राम सिंह अभी फरार है। उसकी तलाश जारी है। वहीं सोहेल खान से पूछताछ के जरिए पुलिस घटना के दौरान उसकी वास्तविक भूमिका और अन्य फरार आरोपियों के संबंध में जानकारी जुटाने का प्रयास कर रही है।

इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई

घटना के बाद पुलिस और प्रशासन ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है। तनाव को देखते हुए प्रशासन ने धारा 144 लागू की है। एसएसपी रजनेश सिंह ने मामले में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई और गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं।

Back to top button