बिलासपुर : राज्योत्सव में 40 स्टॉलों से दिखाई विकास की झलक, 26 साल में स्थापित हुए 3,542 उद्योग

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर बिलासपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित राज्योत्सव 2026 में विभिन्न विभागों की योजनाओं और उपलब्धियों को प्रदर्शित किया गया। ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ थीम पर आयोजित प्रदर्शनी में 40 स्टॉल लगाए गए। इनमें महिला सशक्तिकरण, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, स्वरोजगार और पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी योजनाओं की जानकारी दी गई।

प्रदर्शनी में बताया गया कि बिलासपुर जिले में पिछले 26 वर्षों में 3,542 उद्योग स्थापित हुए हैं। इनमें करीब 20,037 लोगों को रोजगार मिला है। एनटीपीसी सीपत ने भी राख से तैयार होने वाले उत्पादों और आधुनिक तकनीकों का प्रदर्शन किया। इसके साथ ही छात्राओं को मुफ्त शिक्षा और युवाओं को जेईई-नीट की निशुल्क कोचिंग देने से जुड़ी उपलब्धियां भी बताई गईं।

जनकल्याणकारी योजनाओं की फोटो प्रदर्शनी

जनसंपर्क विभाग के स्टॉल पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में संचालित योजनाओं और विकास कार्यों की तस्वीरें प्रदर्शित की गईं। इनके माध्यम से लोगों को प्रदेश में हुए विकास कार्यों और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।

महिला एवं बाल विकास विभाग ने महतारी वंदन योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, पोषण संबंधी योजनाओं और मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना की जानकारी दी। वहीं, आदिम जाति एवं अनुसूचित जाति विकास विभाग ने पीएम जनमन और धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत किए जा रहे कार्यों को प्रदर्शित किया।

शिक्षा, रोजगार और स्वरोजगार पर विशेष जोर

नगर निगम के स्टॉल पर नालंदा परिसर, प्रधानमंत्री ई-बस सेवा और पीएम स्वनिधि योजना की जानकारी दी गई। जिला पंचायत ने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन और वीबी-जी राम जी योजना के माध्यम से ग्रामीण विकास तथा महिलाओं को रोजगार से जोड़ने के प्रयासों को प्रदर्शित किया।

शिक्षा विभाग ने छात्रवृत्ति, पोषण, डिजिटल शिक्षा और स्कूलों में बुनियादी सुविधाओं से संबंधित योजनाओं की जानकारी दी। आयुष विभाग के स्टॉल पर लोगों को स्वास्थ्य जांच, परामर्श और मुफ्त दवाएं उपलब्ध कराई गईं। साथ ही औषधीय पौधों और आरोग्य किट का प्रदर्शन भी किया गया।

जिले में 3,542 उद्योगों की स्थापना

जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र के स्टॉल पर औद्योगिक विकास नीति 2024-30 के तहत उद्योगों को मिलने वाली छूट और सरकारी सहायता की जानकारी दी गई।

विभाग के अनुसार, बिलासपुर जिले में पिछले 26 वर्षों में 3,542 उद्योग स्थापित हुए हैं। इन उद्योगों में कुल 1,62,252.95 लाख रुपये का निवेश हुआ है और 20,037 लोगों को रोजगार मिला है। पिछले तीन वर्षों में 21 महिला उद्यमियों ने भी अपने उद्योग शुरू किए हैं।

एनटीपीसी सीपत ने दिखाए राख से बने उत्पाद

एनटीपीसी सीपत के स्टॉल पर पर्यावरण संरक्षण और तकनीकी नवाचार से जुड़े कार्यों को प्रदर्शित किया गया। यहां बिजलीघर से निकलने वाली राख यानी फ्लाई ऐश से तैयार ईंटें, गिट्टी, इंटरलॉकिंग ब्लॉक और पार्क में इस्तेमाल होने वाली बेंच रखी गईं। इसके अलावा राख से रेत तैयार करने की तकनीक भी दिखाई गई।

प्रदर्शनी में स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा बनाए गए उत्पाद भी रखे गए। एनटीपीसी की ओर से बताया गया कि संकल्प कोचिंग के माध्यम से 100 से अधिक बच्चों को जेईई और नीट की मुफ्त तैयारी कराई जा रही है। बालिका सशक्तिकरण अभियान के तहत 641 लड़कियों को प्रशिक्षण दिया गया है, जबकि 153 मेधावी छात्राओं को मुफ्त शिक्षा उपलब्ध कराई जा रही है।

महिला सशक्तिकरण और युवा रोजगार पर फोकस

राज्योत्सव में वन विभाग, पुलिस विभाग और बिजली विभाग सहित अन्य विभागों ने भी अपने कार्यों और योजनाओं की जानकारी दी। प्रदर्शनी में महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने, युवाओं को शिक्षा और प्रशिक्षण के अवसर उपलब्ध कराने तथा रोजगार के नए रास्ते तैयार करने से जुड़े प्रयासों को प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया।

स्टॉलों पर पहुंचे लोगों ने विभिन्न योजनाओं की जानकारी ली और उनके लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया के बारे में भी जाना।

Back to top button