बीजापुर में नक्सलियों ने किया धर्माराम पुलिस कैंप पर हमला, BGL दागे, दोनों तरफ से हुई 20 मिनट तक फायरिंग

छत्तीसगढ़ के अति नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले के एक पुलिस कैंप पर माओवादियों ने हमला कर दिया है। नक्सलियों ने कैंप पर BGL (बैरल ग्रेनेड लॉन्चर) दागे हैं। पुलिस व नक्सलियों के बीच करीब 15 से 20 मिनट तक फायरिंग हुई। इस मुठभेड़ में किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है। नक्सलियों ने पामेड़ थाना क्षेत्र के धर्माराम कैंप पर हमला किया था। जवान सोमवार सुबह से इलाके में सर्चिंग अभियान चला रहे हैं। इधर माओवादियों ने 25 अप्रैल को दंडकारण्य बंद का आह्वान किया है।

मिली जानकारी के मुताबिक, पामेड़ थाना क्षेत्र अति संवेदनशील इलाका है। इस इलाके में धर्माराम में पुलिस कैंप खोला गया है। रविवार की रात 8 बजे के आसपास माओवादियों ने हमला कर दिया। जवानों ने मोर्चा संभाला और नक्सलियों को मुंहतोड़ जवाब दिया। दोनों तरफ से लगभग 20 मिनट तक फायरिंग हुई। जवानों को भारी पड़ता देख माओवादी जंगल का फायदा उठाकर भाग खड़े हुए। फायरिंग के दौरान नक्सलियों ने कैंप पर BGL भी दागे हैं।

माओवादियों का आज दंडकारण्य बंद का आह्वान 
इधर दंडकारण्य स्पेशल जोनल कमेटी की सदस्य हार्डकोर महिला नक्सली निर्मला उर्फ नर्मदा दीदी की इलाज के दौरान मौत हो गई है। निर्मला ने महाराष्ट्र के जेल में 9 अप्रैल को दम तोड़ा है। उस पर लगभग 25 लाख रुपए का इनाम घोषित था। निर्मला की मौत को साथी माओवादियों ने शासन-प्रशासन की साजिश बताया है। निर्मला की याद में माओवादियों ने 25 अप्रैल को दंडकारण्य (दंतेवाड़ा, बीजापुर, सुकमा) बंद का आह्वान किया है। दंडकारण्य के उत्तर सब जोनल ब्यूरो के प्रवक्ता मंगली ने प्रेस नोट जारी कर दंडकारण्य बंद सफल बनाने का आह्वान किया है। माओवादी बंद को देखते हुए जवानों को सतर्कता बरतने के निर्देश जारी किए गए हैं। इधर बंद को देखते हुए किरंदुल से विशाखापट्टनम तक चलने वाली पैसेंजर ट्रेन जगदलपुर तक ही आएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button