बुंदेलखंड के रास्ते यूपी में कांग्रेस का परचम लहराने की तैयारी…सीएम बघेल यूपी रवाना
रायपुर।
निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक मुख्यमंत्री भूपेश बघेल विशेष विमान से मध्यप्रदेश के छतरपुर के खजुराहो हवाई अड्डे पर उतरेंगे। वहां से हेलिकॉप्टर से बांदा के कलिंजर जाएंगे। शाम को वे हेलिकॉप्टर से ही कलिंजर से बांदा पहुंचेंगे। वहां मुलाकात और बैठकों का दौर चलेगा। यह कार्यक्रम बुधवार को भी जारी रहेगा। बुधवार शाम तक मुख्यमंत्री खजुराहो होकर रायपुर लौट आएंगे। यूपी की राजनीति में बुंदेलखंड का यह इलाका काफी अहमियत रखता है। बुंदेलखंड अंचल के सात जिलों झांसी, जालौन, ललितपुर, बांदा, हमीरपुर और महोबा में विधानसभा की 18 सीटें हैं। फिलहाल सभी सीटों पर भाजपा का कब्जा है। लोकसभा की चार सीटों पर भी भाजपा काबिज है। ऐसे में राजनीतिक दृष्टि से पथरीली इस जमीन पर कांग्रेस को लीड दिलाने के लिए रणनीतिकार कोई कोर कसर नहीं छोड़ना चाहते। इस क्षेत्र में भाजपा भी गढ़ बचाने के लिए आक्रामक है। 19 नवंबर को महारानी लक्ष्मीबाई की जयंती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उस दिन झांसी और बांदा आ रहे हैं। बांदा के पुलिस लाइन मैदान में उनकी एक जनसभा होने वाली है। वैसे तो इस सभा में अर्जुन सहायक नहर परियोजना का लोकार्पण करने वाले हैं। लेकिन इस बहाने भाजपा बुंदेलखंड में अपना चुनाव प्रचार अभियान शुरू करेगी। बहरहाल, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री व यूपी चुनाव के लिए कांग्रेस के सीनियर ऑब्जर्वर भूपेश बघेल बांदा में आयोजित होने वाली विशालजन सभा के लिए रवाना हो चुके हैं।



