बेमेतरा: दो भैंसों के कथित अवैध परिवहन में तीन गिरफ्तार, 4.50 लाख रुपये का वाहन और पशु जब्त

बेमेतरा। जिले के देवरबीजा क्षेत्र में पुलिस ने दो भैंसों के कथित अवैध परिवहन के मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से दो भैंस और परिवहन में इस्तेमाल छोटा हाथी वाहन जब्त किया है। जब्त संपत्ति की कुल कीमत लगभग 4 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस के अनुसार, भैंसों को वाहन में ठूंसकर ले जाया जा रहा था और परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज नहीं मिले।

सोसायटी के पास वाहन में भरी मिलीं भैंसें

पुलिस के मुताबिक, निनवा निवासी राजू वर्मा निजी काम से देवरबीजा आए थे। इसी दौरान शाम करीब 4 बजे उन्होंने सोसायटी के पास छोटा हाथी वाहन क्रमांक CG-07-CW-1896 में दो भैंसों को ठूंसकर ले जाते देखा।

राजू वर्मा ने वाहन रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक वाहन लेकर आगे बढ़ गया। इसके बाद उन्होंने अन्य गौवंश सेवकों के साथ वाहन का पीछा किया और देवरबीजा पेट्रोल पंप के पास उसे रुकवाया। बाद में पुलिस को सूचना दी गई।

अर्जुन्दा से महाराष्ट्र ले जाने की बात कही

वाहन में सवार लोगों से पूछताछ के दौरान उनकी पहचान हर्ष कुमार सोनकर, मनीष कुमार यादव और दीपक कुमार बंजारे के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार, उन्होंने भैंसों को अर्जुन्दा से महाराष्ट्र ले जाने की बात कही।

पुलिस ने बताया कि पशुओं के परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए गए। भैंसों को वाहन में ठूंसकर ले जाने की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की गई।

4.50 लाख रुपये का मशरूका जब्त

पुलिस ने दो भैंसों की अनुमानित कीमत करीब 50 हजार रुपये और परिवहन में इस्तेमाल छोटा हाथी वाहन की कीमत लगभग 4 लाख रुपये आंकी है। इस तरह कुल 4 लाख 50 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।

मामले में छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम, 2004 की धारा 4, 6 और 10 तथा पशुओं के प्रति क्रूरता का निवारण अधिनियम, 1960 की धारा 11(1)(क) एवं (घ) के तहत अपराध दर्ज किया गया है।

बालोद जिले के निवासी हैं आरोपी

गिरफ्तार आरोपियों में हर्ष कुमार सोनकर (25), निवासी नगरपाठ, अर्जुन्दा; मनीष कुमार यादव (26), निवासी बाजारपारा, अर्जुन्दा; और दीपक कुमार बंजारे (40), निवासी डुडिया, थाना अर्जुन्दा, जिला बालोद शामिल हैं।

पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

Back to top button