बेमेतरा में ट्रांसफार्मर हादसा: पिता-पुत्र समेत तीन किसानों की इलाज के दौरान मौत
बेमेतरा। जिले के मोहतरा गांव में खेत के पास ट्रांसफार्मर फटने की घटना में झुलसे तीन किसानों की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतकों में पिता-पुत्र राधेश्याम चंद्राकर (50) और छन्नू चंद्राकर (32) के अलावा ईश्वर पटेल (62) शामिल हैं। हादसा 20 सितंबर को हेमबंद खार में हुआ था।
धमाके के बाद गर्म तेल की चपेट में आए किसान
जानकारी के मुताबिक, तीनों किसान खेत में काम कर रहे थे। इसी दौरान ट्रांसफार्मर में अचानक तेज धमाका हुआ। धमाके के साथ ट्रांसफार्मर का गर्म तेल और आग की लपटें आसपास फैल गईं, जिसकी चपेट में आने से तीनों गंभीर रूप से झुलस गए।
ग्रामीणों की मदद से घायलों को तत्काल बेमेतरा जिला अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने तीनों को रायपुर रेफर कर दिया।
पांच दिन तक चला इलाज, नहीं बच सकी जान
रायपुर के अस्पताल में तीनों किसानों का करीब पांच दिनों तक उपचार चला। शुक्रवार को इलाज के दौरान एक-एक कर तीनों की मौत हो गई।
राधेश्याम चंद्राकर और उनके 32 वर्षीय बेटे छन्नू चंद्राकर की मौत से परिवार पर दोहरा दुख टूट पड़ा। जानकारी के अनुसार छन्नू के छोटे बच्चे हैं। पिता-पुत्र का अंतिम संस्कार शुक्रवार को ही किया गया।
वहीं, 62 वर्षीय ईश्वर पटेल का पोस्टमार्टम पूरा होने के बाद शनिवार को मोहतरा में अंतिम संस्कार किए जाने की जानकारी परिजनों ने दी है।
एक ही हादसे में तीन मौतों से गांव में शोक
एक ही घटना में तीन किसानों की मौत से मोहतरा गांव में शोक का माहौल है। हादसे को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी भी बताई जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि खेतों के आसपास बिजली के उपकरणों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीरता बरती जानी चाहिए, ताकि इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
