बेमेतरा में सजेगा छत्तीसगढ़ी साहित्य का दरबार, 26-27 सितंबर को राजभाषा आयोग का 10वां प्रांतीय सम्मेलन
बेमेतरा। छत्तीसगढ़ की माटी की खुशबू और मीठी बोली छत्तीसगढ़ी को समृद्ध करने के लिए ऐतिहासिक आयोजन होने जा रहा है। छत्तीसगढ़ राजभाषा आयोग द्वारा 26 और 27 सितंबर 2026 को बेमेतरा में दसवें प्रांतीय सम्मेलन का भव्य आयोजन कवर्धा रोड स्थित होटल में किया जा रहा है।
सम्मेलन के उद्घाटन सत्र में मुख्य अतिथि के रूप में उपमुख्यमंत्री अरुण साव शिरकत करेंगे। समारोह की अध्यक्षता संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल करेंगे। अति विशिष्ट अतिथि के रूप में मंत्री दयाल दास बघेल, दुर्ग सांसद विजय बघेल, पर्यटन बोर्ड अध्यक्ष नीलू शर्मा, विधायक दीपेश साहू, विधायक ईश्वर साहू, रजक कल्याण बोर्ड अध्यक्ष प्रहलाद रजक, पूर्व विधायक अवधेश चंदेल, जिला पंचायत अध्यक्ष कल्पना तिवारी एवं नगर पालिका अध्यक्ष विजय सिन्हा सहित अनेक गणमान्य उपस्थित रहेंगे।
इस दो दिवसीय महाकुंभ में कुल नौ सत्र होंगे। प्रमुख आकर्षण ‘सोशल मीडिया, प्रिंट मीडिया और ए.आई. में छत्तीसगढ़ी’ विषय पर मंथन, छत्तीसगढ़ी व्याकरण, मानकीकरण और वृहद शब्दकोश निर्माण पर चर्चा, ‘पुरखा के सुरता’ सत्र में बेमेतरा के सपूत पद्मश्री डॉ. सुरेंद्र दुबे सहित पुरखा साहित्यकारों का स्मरण, गद्य साहित्य, अनुवाद परंपरा और बाल साहित्य पर विशेष सत्र होंगे। 26 सितंबर की शाम छत्तीसगढ़ी कवि सम्मेलन का आयोजन होगा।
सम्मेलन में साहित्य में अमूल्य योगदान देने वाले 11 वरिष्ठ साहित्यकारों का सम्मान किया जाएगा, जिनमें बेमेतरा के सी.पी. तिवारी “सावन”, सरगुजा के श्याम कश्यप, बस्तर के मयाराम नेताम सहित अन्य दिग्गज शामिल हैं।
आयोग के अध्यक्ष प्रभात मिश्रा और सचिव डॉ. अभिलाषा बेहार ने सभी साहित्यकारों से बड़ी संख्या में पहुंचने की अपील की है। आयोजन को लेकर 24 सितंबर को जिला समन्वयक रामानंद त्रिपाठी के संयोजन में गूगल मीट पर बैठक हुई, जिसमें परिवहन, पंजीयन, अतिथि स्वागत, मंच, भोजन, आवास व्यवस्था पर चर्चा की गई।











