बैलाडीला कबड्डी लीग 23 से 26 जुलाई तक 26 गांवों के खिलाड़ियों को मिलेगा मंच
किरंदुल = छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में 23 से 26 जुलाई तक “बैलाडीला कबड्डी लीग” का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन एनएमडीसी लिमिटेड द्वारा अपने कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व (CSR) कार्यक्रम के तहत किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को पहचान दिलाना और उन्हें आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करना है।
इस लीग में बैलाडीला क्षेत्र के कुल 26 गांवों की 24 टीमें भाग लेंगी। बचेली क्षेत्र के मोलसनार, दुगेली, पाढ़ापुर, बेनपाल, बड़े कमेली, कमालूर, झिरका, धुरली, गामावाड़ा, नेरली, बड़े बचेली, मरसेनार, गंजेनार एवं भांसी सहित कई गांवों की टीमें शामिल होंगी। वहीं किरंदुल क्षेत्र से कोडेनार, कड़मपाल, मदाड़ी, चोलनार, टिकनपाल, कलपाल, समलवार, मड़कामिरास, हिरोली, कुटरेम, गुमियापाल और तनेली गांवों के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
प्रतियोगिता के मुकाबले किरंदुल स्थित फुटबॉल स्टेडियम और बचेली के हॉकी मैदान में खेले जाएंगे। उद्घाटन एवं समापन समारोह एनएमडीसी टाउनशिप बचेली के हॉकी मैदान में आयोजित होगा। खिलाड़ियों की सुविधा के लिए मैदान में वाटरप्रूफ जर्मन हैंगर और सिंथेटिक रबर मैट की व्यवस्था की गई है।
एनएमडीसी द्वारा सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों को स्पोर्ट्स किट और आवश्यक खेल सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी। आयोजन का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण खेल संस्कृति को बढ़ावा देना, युवाओं को सकारात्मक दिशा देना और स्थानीय प्रतिभाओं को राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने के लिए मंच प्रदान करना है।
प्रतियोगिता के दौरान ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों, जनप्रतिनिधियों, एनएमडीसी मुख्यालय के वरिष्ठ अधिकारियों, बैलाडीला परियोजनाओं के अधिकारियों-कर्मचारियों और श्रमिक संघ के पदाधिकारियों की उपस्थिति रहेगी। समापन समारोह में विजेता एवं उपविजेता टीमों के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया जाएगा।
यह कबड्डी लीग न केवल खेल प्रतिभाओं को निखारने का अवसर देगी, बल्कि क्षेत्र में खेल संस्कृति को भी नई ऊर्जा प्रदान करेगी।


