
कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के एक गांव में भाई-बहन के बीच विवाद होने पर भाई ने बहन पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। इससे महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। मृतका का नाम गीता पंडो बताया जा रहा है। पुलिस को सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई है। मामला चैत्मा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत रामा कछार का है। मिली जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत रामा कछार के आश्रित ग्राम तेलसरा के लालमिट्टी मोहल्ले में करीब एक दर्जन पंडो जनजाति परिवार निवास करते हैं। यहां रहने वाले दादन राम ने अपनी बेटी गीता पंडो की शादी गांव के ही मदद राम से की थी। पति-पत्नी गांव में ही रह कर जीवन यापन कर रहे थे। रविवार को गीता का भाई चेतराम पंडो उनके घर पहुंचा। यहां किसी बात को लेकर भाई-बहन के बीच विवाद शुरू हो गया। विवाद बढ़ने पर चेतराम ने अपनी बहन पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इससे कुल्हाड़ी गीता के गले में जा फंसी जिससे महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद भाई मौके से फरार हो गया। वहीं मौके पर पहुंची पुलिस टीम मर्ग कायम कर आरोपी की तलाश में जुट गई है।