
रायपुर. भाई बहन का प्यार यूं तो 24 कैरेट सोने से भी खरा होता है, लेकिन अगर इसमें सोने की चमक महसूस हो तो रक्षाबंधन का उत्साह और भी बढ़ जाता है। इसीलिए इस बार भी भाई बहनों के प्यार में सोने की चमक भरने सराफा में खासतौर पर सोने और चांदी की राखियां तैयार की जा रही हैं। 30 हजार से लेकर 90 हजार और एक लाख में तैयार होने वाली इन राखियों की इस बार डिमांड भी अधिक है। इसकी सबसे बड़ी वजह पिछले सालभर में सोने की कीमत में आई 10 हजार तक गिरावट है। इसीलिए बहनें इस बार भाईयों की कलाई को सोने से सजाने में कमी नहीं कर रही हैं। अलग अलग डिजाइन में सोने और चांदी की राखियां तैयार की जा रही हैं। सदर बाजार के सराफा व्यापारियों काे कहना है, सोने के दाम गिरने के बाद राखी में शुद्ध सोने और चांदी की राखियों की बिक्री बढ़ी है। व्यापारी नरेश अग्रवाल ने बताया, इस बार 20 कैरेट सोने से राखियां तैयार की जा रही है। इनकी कीमत एक लाख तक है। कम बजट की राखियों की बात की जाए, तो 30 हजार में भी सोने की राखी उपलब्ध है। जबकि चांदी की राखियां भी 200 से 500 और 2 हजार तक उपलब्ध हैं। इस बार मार्केट में चांदी के राखियों की 50 से अधिक डिजाइन और सोने की राखियों के 15 से ज्यादा डिजाइन बनाए गए हैं। सोने की राखियों का वजन आधा तोला से दो तोले तक है। दर्जनभर से अधिक लोगों ने ब्रेसलेट डिजाईन में सोने की राखी बनाने का आर्डर दिया है। शुद्ध सोने के कम ग्राहक मिले है। उन्होंने बताया, अभी तक 80 से 90 हजार तक सोने की राखी तैयार करने का ऑर्डर मिला है।
पिछले साल से अधिक बिक्री सराफा बाजार के अध्यक्ष हरख मालू ने बताया, बाजार में लाख रुपए तक सोने की राखी तैयार की जाती है। इसके लिए लोगों ने महीनेभर पहले से आर्डर दिया है। इन राखियों के डिजाइन बेहद खूबसूरत हैं। इन्हें नक्काशीदार लकड़ी के डिब्बों में पैक किया गया है। राखी के साथ सूखे मेवे, चॉकलेट और अन्य सामग्री भी शामिल हैं। उनका कहना है, दुकान में रेडीमेड सोने की राखी भी है। शुद्ध सोने की राखी की मांग कम है। 30 से 90 हजार तक सोने और चांदी के राखी बनाने के लिए ऑर्डर मिले हैं। चांदी से बनी विभिन्न डिजाइनों वाली राखियां भरपूर मात्रा में उपलब्ध हैं। दाम गिरने की वजह से जमकर बिक्री हो रही है। पिछले वर्ष से इस बार सोने और चांदी के राखी की बिक्री अधिक है। ब्रेसलेट पेंडेंट में राखी सोने और चांदी के दाम गिरने से सराफा व्यापारियों को इसका लाभ मिल रहा है। ज्वेलर्स भी राखी के ट्रेंड को समझ रहे हैं, इसलिए ऐसी राखियां बनाई हैं, जो सिर्फ रक्षाबंधन के लिए ही नहीं हैं। ब्रेसलेट फॉर्म में राखियां हैं, तो गोल्ड में बनी राखियां बाद में पेंडेंट फॉर्म में बदल जाती हैं। इसके अलावा गोल्ड क्वाइन की राखियां भी बाजार में उपलब्ध हैं। ढाई हजार की कीमत से शुरू होने वाली राखियों की अंतिम कीमत ग्राहक की जेब पर निर्भर करती है। केवल सोना ही नहीं चांदी की भी राखी तैयार है।