
भाजपा का तंज-नायक फिल्म के अनिल कपूर बनते-बनते अमरीश पुरी बन गए भूपेश…पढ़िये पूरी खबर
अंबिकापुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर भाजपा ने तंज कसा है। भाजपा ने कहा है कि नायक फ़िल्म के अनिल कपूर बनते-बनते मुख्यमंत्री भूपेश बघेल फिल्म के अमरीश पुरी बन गए हैं।पूर्व मुख्यमंत्री डा रमन सिंह ने कहा है कि यह भेंट-मुलाकात नहीं बदतमीजी और डांट है।मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर हमले का यह मौका भाजपा को इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित एक वीडियो के माध्यम से मिला है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल रविवार को सूरजपुर जिले के प्रवास पर थे। उन्होंने सूरजपुर जिले के नवापाराकला, सुमेरपुर और रामनगर में लोगों से भेंट मुलाकात की।
मुख्यमंत्री के चौपाल से जुड़ी एक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रही है। वायरल वीडियो में नजर आ रहा है कि भीड़ में मौजूद एक महिला को बोलने का अवसर देने का निर्देश मुख्यमंत्री देते है। इधर मुख्यमंत्री के आसपास पुलिस अधिकारियों की हलचल बढ़ जाती है। मौका मिलते ही महिला बोलती है कि सर मैं पुलिस वालों की शिकायत करने आई हूं। मुझ पर चार बार हमला हो चुका है।
मुख्यमंत्री उसे बीच में ही रोक कर नाम और पता पूछते है।महिला अपना नाम और पता भटगांव बताती है। आरोप लगाती है कि भटगांव में उसे मुख्यमंत्री से मिलने पुलिस ने रोक दिया था, ताकि वह पुलिस की शिकायत न कर सके। इधर भीड़ हल्ला करने लगती है।मुख्यमंत्री बीच में ही टोकते है। भीड़ से कहते है कि यह क्या है? क्या किसी को यहां आने से किसी ने रोका है। यह भी बोलते सुना जाता है कि नेतागिरी मत करो।
मुख्यमंत्री के जन चौपाल से जुड़ी यह वीडियो तेजी से इंटरने मीडिया के विभिन्न प्लेटफार्म पर प्रसारित हो रही है। इसी वीडियो को आधार बनाकर पूर्व मूख्यमंत्री डा. रमन सिंह ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर हमला बोला है। पूर्व मूख्यमंत्री डा रमन ने कहा है कि यह भेंट मुलाकात है या बदतमीजी और डांट है।
एक महिला की शिकायत का निराकरण करने की बजाय उससे इस तरह अभद्रता से बात करना कहां तक जायज़ है? भूपेश बघेल जी जिस जनता पर आप झल्ला रहे हैं, चिल्ला रहे हैं, उसी ने आपको मुख्यमंत्री बनाया है, भूलिये मत। याद रखना, यह अहंकार जल्द टूटेगा। भाजपा ने प्रसारित वीडियो पर चुटकी ली है कि नायक फ़िल्म के अनिल कपूर बनते-बनते अमरीश पुरी बन गए है मुख्यमंत्री भूपेश बघेल।