भारत की पहली हाइड्रोजन ट्रेन ने 120 किमी/घंटा की रफ्तार से सफल ट्रायल पूरा किया

नई दिल्ली। भारतीय रेलवे ने स्वदेशी तकनीक से विकसित देश की पहली हाइड्रोजन फ्यूल सेल ट्रेन का अंतिम हाई-स्पीड ट्रायल सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है। हरियाणा के जींद–सोनीपत रेलखंड पर हुए परीक्षण के दौरान ट्रेन ने 120 किलोमीटर प्रति घंटा की अधिकतम गति हासिल की। यह भारत में स्वच्छ और हरित रेल परिवहन की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।

ट्रायल के दौरान रेलवे अधिकारियों ने ट्रेन की गति, स्थिरता, इमरजेंसी ब्रेकिंग और अन्य सुरक्षा मानकों का परीक्षण किया। सफल परीक्षण के बाद अब आवश्यक नियामकीय औपचारिकताएं पूरी होने पर इसे पायलट आधार पर यात्री सेवा में उतारे जाने की तैयारी की जा रही है।

रेलवे ने जींद में हाइड्रोजन उत्पादन, भंडारण और रीफ्यूलिंग की विशेष सुविधा भी विकसित की है। ट्रेन में हाइड्रोजन लीकेज डिटेक्टर, फ्लेम डिटेक्शन सिस्टम और आधुनिक सुरक्षा निगरानी तकनीक लगाई गई है, जिससे संचालन को सुरक्षित बनाया जा सके।

हाइड्रोजन फ्यूल सेल तकनीक से चलने वाली यह ट्रेन डीजल के बजाय हाइड्रोजन और ऑक्सीजन की रासायनिक प्रक्रिया से बिजली उत्पन्न करती है। इससे केवल जलवाष्प (Water Vapour) निकलती है, जिससे कार्बन उत्सर्जन और वायु प्रदूषण में कमी आती है। रेलवे का मानना है कि यह परियोजना भविष्य में पर्यावरण अनुकूल रेल परिवहन को बढ़ावा देने में अहम भूमिका निभाएगी।

Back to top button