भिलाई के बड़े ट्रांसपोर्ट कारोबारी इंद्रजीत सिंह के ठिकानों पर State GST की छापेमारी
भिलाई। करीब 1,500 ट्रकों का संचालन करने वाले ट्रांसपोर्ट कारोबारी इंद्रजीत सिंह उर्फ छोटू की कंपनी हैवी ट्रांसपोर्ट कंपनी (HTC) के भिलाई स्थित कार्यालय और गोदाम पर सोमवार को स्टेट GST की टीम ने छापेमार कार्रवाई की। टीम ने बलौदाबाजार स्थित कंपनी के यार्ड में भी पहुंचकर कारोबारी दस्तावेजों और रिकॉर्ड की जांच की।
भिलाई और बलौदाबाजार में एक साथ जांच
GST अधिकारियों की टीम ने HTC के अलग-अलग ठिकानों पर कई घंटे तक दस्तावेज खंगाले। कंपनी के कारोबारी रिकॉर्ड, लेन-देन से जुड़े दस्तावेज और अन्य कागजात की जांच की गई। हालांकि, देर रात तक विभाग ने यह स्पष्ट नहीं किया कि कार्रवाई किस शिकायत या संभावित गड़बड़ी के आधार पर की गई है।
BSP में चलती हैं HTC की 60-70 गाड़ियां
HTC का कारोबार भिलाई स्टील प्लांट (BSP) से भी जुड़ा हुआ है। जानकारी के मुताबिक कंपनी की करीब 60 से 70 गाड़ियां BSP में परिवहन कार्य में लगी हैं। ये वाहन प्लांट के अंदर लोडिंग के लिए संचालित होते हैं। ऐसे में GST जांच में कंपनी के परिवहन कारोबार से जुड़े रिकॉर्ड भी महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं।
कंपनी करीब 1,500 ट्रकों से जुड़ी
इंद्रजीत सिंह उर्फ छोटू भिलाई के प्रमुख ट्रांसपोर्ट कारोबारियों में शामिल हैं। वे HTC के डायरेक्टर हैं और करीब 1,500 ट्रकों के संचालन से जुड़े बताए जाते हैं। ट्रांसपोर्ट कारोबार के अलावा वे विभिन्न सामाजिक और खेल संगठनों से भी जुड़े हुए हैं।
टैक्स चोरी की अभी पुष्टि नहीं
स्टेट GST की कार्रवाई के बाद अब विभाग की जांच रिपोर्ट का इंतजार है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि टीम ने कौन-कौन से दस्तावेज जब्त किए हैं या जांच में टैक्स से जुड़ी कोई अनियमितता सामने आई है। विभाग ने अब तक आधिकारिक रूप से टैक्स चोरी या किसी अन्य गड़बड़ी की पुष्टि नहीं की है।
जांच पूरी होने के बाद ही कार्रवाई के कारण और सामने आए तथ्यों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।











