
कोरिया। मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ के कुछ जिलों में मौसम ने अपना रुख बदल लिया है। मौसम का मिजाज बदलने के बाद एमपी के शहडोल जिले में झमाझम बारिश होने की खबर आई है। अन्य जगहों में भी बारिश हुई है। वहीं छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में बारिश के साथ ओले गिरे हैं जिससे फसलों को भारी नुकसान हुआ है। बारिश होने से जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है।
सरगुज़ा संभाग के अधिकांश जिलों में बीती रात से मौसम में बदलाव हुआ है। ठंडी हवाओं के साथ बारिश और ओले गिरने से तापमान में गिरावट हुई है। इधर जशपुर में आंधी तूफान के साथ सुबह से तेज बारिश हो रही है। वहीं बेमौसम बरसात से किसानों की चिंता बढ़ गई है। बारिश से मिर्च, टमाटर, गेंहू और सरसों के फसलों को नुकसान होगा। अब भी घने बादलों ने डेरा डाला है।
मौसम विभाग की माने तो अगले दो से तीन दिनों तक बारिश के आसार बने हैं। वहीं बारिश के बाद फिर से ठंड बढ़ेगी। इधर राजधानी रायपुर में हल्के बादल नजर आ रहे हैं। जिसके चलते तापमान में बढ़ोतरी हुई है।