
मरवाही में वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, जंगल की जमीन पर बने 15 मकान बुलडोजर से ढहाए
मरवाही, 06 मई 2026: मरवाही वन मंडल के कोरजा गांव में वन विभाग ने अवैध कब्जों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए जंगल की जमीन पर बने करीब 15 मकानों को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान ग्रामीणों ने विरोध भी किया।
भारी पुलिस और वन अमला रहा मौजूद
भैंस-लोटी क्षेत्र में की गई इस कार्रवाई के दौरान वन विभाग का भारी अमला मौके पर मौजूद रहा। अभियान में डीएफओ, रेंजर, डिप्टी रेंजर सहित बड़ी संख्या में वन कर्मचारी शामिल थे।
सागौन प्लांटेशन काटकर निर्माण का आरोप
वन विभाग के अनुसार जिस जमीन पर मकान बनाए गए थे, वह ‘नारंगी जंगल’ क्षेत्र के अंतर्गत आती है। विभाग का दावा है कि यहां पहले सागौन का प्लांटेशन था, जिसे काटकर अवैध निर्माण किया गया।
कार्रवाई के दौरान ग्रामीणों का विरोध
जैसे ही बुलडोजर मकानों की ओर बढ़ा, ग्रामीणों ने विरोध शुरू कर दिया। महिलाएं और बच्चे अधिकारियों से कार्रवाई रोकने की मांग करते नजर आए। ग्रामीणों का कहना है कि वे लंबे समय से यहां निवास कर रहे हैं।
9 महीने से दिए जा रहे थे नोटिस
वन विभाग के अधिकारियों के मुताबिक यह कार्रवाई अचानक नहीं की गई। संबंधित परिवारों को पिछले नौ महीनों से लगातार नोटिस जारी किए जा रहे थे। बार-बार चेतावनी और अंतिम नोटिस के बावजूद कब्जा नहीं हटाने पर विभाग ने कार्रवाई की।
जंगल संरक्षण को लेकर सख्ती
वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि जंगल की जमीन पर अवैध कब्जों और कटाई के खिलाफ आगे भी इसी तरह अभियान जारी रहेगा, ताकि वन क्षेत्र और पर्यावरण संरक्षण सुनिश्चित किया जा सके।


