महासमुंद में एम्बुलेंस से 77 किलो गांजा जब्त, 5 अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार

महासमुंद, 9 मई 2026: छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में पुलिस ने एम्बुलेंस के जरिए गांजा तस्करी करने वाले 5 अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 77 किलो गांजा, एक एम्बुलेंस, पायलटिंग कार और 5 मोबाइल जब्त किए गए हैं। बरामद सामग्री की कुल कीमत लगभग 50.45 लाख रुपये आंकी गई है।

मामला कोमाखान थाना क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार तस्कर ओडिशा से गांजा लेकर छत्तीसगढ़ के रास्ते महाराष्ट्र ले जा रहे थे।


एम्बुलेंस के आगे चल रही थी पायलटिंग कार

जानकारी के मुताबिक गांजा तस्करी के लिए महाराष्ट्र पासिंग एम्बुलेंस का इस्तेमाल किया जा रहा था। एम्बुलेंस के आगे एक कार पायलट वाहन के रूप में चल रही थी, जो महाराष्ट्र नंबर की थी।

मुखबिर से सूचना मिलने के बाद कोमाखान थाना पुलिस ने टेमरी जांच नाका पर घेराबंदी कर दोनों वाहनों को रोका। तलाशी के दौरान एम्बुलेंस से करीब 77 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया।


ओडिशा से महाराष्ट्र ले जाया जा रहा था गांजा

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी गांजा ओडिशा के बालीगुडा क्षेत्र से लेकर महाराष्ट्र के सोलापुर जा रहे थे। मामले में पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(B)(II)(C) और 29 के तहत अपराध दर्ज किया है।

गिरफ्तार सभी आरोपी महाराष्ट्र के धाराशिव और सोलापुर जिले के निवासी बताए गए हैं।


ये आरोपी हुए गिरफ्तार

गिरफ्तार आरोपियों में एम्बुलेंस चालक आकाश उर्फ अक्षय जाधव (27) निवासी धाराशिव शामिल है। इसके अलावा लिंबाजी जाधव (33), धनंजय लोखंडे (25), प्रथमेश पिंगले (20) और अजय काले (25) को भी गिरफ्तार किया गया है।


50 लाख से ज्यादा का माल जब्त

पुलिस के अनुसार जब्त गांजा की कीमत करीब 38 लाख 50 हजार रुपये आंकी गई है। इसके अलावा एम्बुलेंस की कीमत लगभग 8 लाख, पायलटिंग कार की कीमत 3 लाख और 5 मोबाइल की कीमत करीब 95 हजार रुपये बताई गई है।

फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।

Back to top button