महिला वन रक्षक से मारपीट और शासकीय वर्दी फाड़ने का आरोप: तीन लोगों पर एफआईआर दर्ज

छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले से शासकीय कार्य में बाधा डालने और एक महिला शासकीय कर्मचारी के साथ अभद्र व्यवहार का गंभीर मामला सामने आया है। पेंड्रा थाना क्षेत्र के अंतर्गत जंगल भ्रमण पर निकली एक महिला वन रक्षक के साथ कुछ स्थानीय लोगों द्वारा कथित तौर पर गाली-गलौज, मारपीट और उनकी शासकीय वर्दी फाड़ने की वारदात को अंजाम दिया गया है। पीड़िता की लिखित शिकायत के बाद पुलिस ने एक ही परिवार के तीन सदस्यों के खिलाफ नामजद अपराध दर्ज कर मामले को विवेचना में ले लिया है।

[img-slider id="274450"]

जंगल भ्रमण के दौरान आंगन में दिखीं सागौन की अवैध लकड़ियां

मिली जानकारी के अनुसार, पेंड्रा वन परिक्षेत्र के लाटा परिसर में पदस्थ महिला वन रक्षक गिरिजा कंवर 10 जून की सुबह वन सुरक्षा श्रमिकों (रोजाडों) के साथ रूटीन गश्त और जंगल भ्रमण पर निकली थीं। इसी दौरान परिसर के कक्ष क्रमांक 2350 के पास से गुजरते समय उन्हें एक ग्रामीण के घर के आंगन में भारी मात्रा में कीमती सागौन की लकड़ियां रखी हुई दिखाई दीं। लकड़ियों के वैध दस्तावेज और स्रोत के संबंध में पूछताछ करने के लिए जब महिला वन रक्षक अपनी टीम के साथ संबंधित घर के भीतर दाखिल हुईं, तभी वहां मौजूद लोग उग्र हो गए और विवाद की स्थिति निर्मित हो गई।

गाली-गलौज कर जमीन पर गिराया, जान से मारने की दी धमकी

थाने में दर्ज कराई गई शिकायत के मुताबिक, जैसे ही वन रक्षक ने लकड़ियों के संबंध में पूछताछ शुरू की, घर में मौजूद इतवारू भैना, उसकी पत्नी सुमित्रा और दयावती नामक महिला ने तैश में आकर महिला कर्मचारी को गंदी-गंदी गालियां देना शुरू कर दिया। जब वन कर्मियों ने इसका विरोध किया, तो आरोपियों ने उनके साथ झूमाझटकी और धक्का-मुक्की की। आरोप है कि हाथापाई के दौरान आरोपियों ने महिला वन रक्षक को बेरहमी से जमीन पर गिरा दिया, जिससे उनकी ऑन-ड्यूटी शासकीय वर्दी भी फट गई। इसके साथ ही आरोपियों ने पूरी टीम को दोबारा वहां दिखने पर जान से मारने की सीधे तौर पर धमकी भी दी।

पेंड्रा थाने में बीएनएस (BNS) के तहत अपराध दर्ज, जांच शुरू

घटना के तुरंत बाद डरी-सहमी पीड़िता ने अपने वरिष्ठ अधिकारियों को मामले से अवगत कराया और पेंड्रा थाने पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ लिखित आवेदन प्रस्तुत किया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मुख्य आरोपी इतवारू भैना, उसकी पत्नी सुमित्रा और दयावती के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न सुसंगत और गैर-जमानती धाराओं के तहत मामला पंजीकृत कर लिया है। पेंड्रा थाना प्रभारी ने बताया कि शासकीय सेवक पर हमला करने और सरकारी काम में बाधा उत्पन्न करने का यह मामला बेहद गंभीर है, जिसकी बारीकी से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Back to top button