मामूली विवाद बना जानलेवा, 10वीं के छात्र की चाकू मारकर हत्या
‘मोटा’ कहकर चिढ़ाने की पुरानी रंजिश में हुई वारदात, आरोपी छात्र भी गंभीर घायल
तिल्दा-नेवरा। रायपुर जिले से लगे तिल्दा क्षेत्र में दो स्कूली छात्रों के बीच पुरानी रंजिश खूनी संघर्ष में बदल गई। 10वीं कक्षा के एक छात्र की चाकू लगने से मौत हो गई, जबकि दूसरा छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया है। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। मामला तिल्दा थाना क्षेत्र के सासाहोली गांव का है।
जानकारी के अनुसार, मृतक अमन यदु (16) और आरोपी छात्र (15) एक ही गांव के निवासी थे तथा दोनों ने सासाहोली स्थित सरस्वती शिशु मंदिर स्कूल से 10वीं कक्षा की पढ़ाई की थी। बताया जा रहा है कि बोर्ड परीक्षा के दौरान आरोपी छात्र ने अमन को “मोटा” कहकर चिढ़ाया था, जिसके बाद दोनों के बीच मनमुटाव शुरू हो गया था।
शुक्रवार को स्कूल की छुट्टी के बाद दोनों छात्रों के बीच पुरानी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर दोनों के बीच मारपीट शुरू हो गई। इसी दौरान अमन अपने साथ लाए चाकू से आरोपी छात्र पर हमला कर बैठा, जिससे वह घायल हो गया।
पुलिस के अनुसार, मारपीट के दौरान आरोपी छात्र ने चाकू छीन लिया और अमन पर पलटवार कर दिया। आरोपी ने अमन के सीने और गर्दन पर वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने दोनों को अस्पताल पहुंचाने का प्रयास किया, लेकिन अमन की मौत हो गई।
घटना में घायल आरोपी छात्र को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
सूचना मिलते ही तिल्दा-नेवरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। आसपास के लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की जा रही है।
इस दर्दनाक घटना के बाद मृतक छात्र के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं पूरे गांव में शोक और स्तब्धता का माहौल है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।


