मिशन 2022: विरोधियों को बूथ स्तर तक झटका देगी बीजेपी, जीत के लिए ऐसे हो रही माइक्रो प्लानिंग

मिशन-2022 में जुटी भाजपा चुनाव पूर्व विरोधियों को झटका देने की रणनीति बना रही है। इसी गुणा-गणित में लगा भगवा दल जीत के लिए माइक्रो प्लानिंग में जुटा है। पार्टी की नजर विरोधी दलों के बड़े चेहरों पर ही नहीं, वार्ड स्तर के छोटे मगर इलाके में प्रभावशाली नेताओं पर भी है। इसके लिए चुनाव पूर्व प्रदेश भर में बड़े पैमाने पर सदस्यता अभियान चलाने की तैयारी है। वार्ड स्तर पर 50 लोगों को पार्टी में शामिल कराने का लक्ष्य रखा गया है।

[img-slider id="274450"]

भाजपा जल्द विरोधियों को झटका देने की मुहिम शुरू करेगी। फिलहाल बूथ स्तर तक संगठन को कसने का सिलसिला चल रहा है। बूथ कमेटियों के गठन के बाद इन दिनों इन कमेटियों के सत्यापन का काम चल रहा है। प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल सहित संगठन के तमाम बड़े चेहरे इन दिनों इसी कवायद में जुटे हैं। यह सब कई चरणों में चलने वाले पार्टी के बूथ विजय अभियान कार्यक्रम का हिस्सा है।

इसका विधिवत शुभारंभ भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा 23 अगस्त को करने वाले थे लेकिन पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के निधन के कारण यह टल गया था। पार्टी की बूथ जीतने की इसी मुहिम के तहत आगामी दिनों में सदस्यता का महाभियान शुरू होना है। इसके जरिए पार्टी निचले स्तर तक अपने पक्ष में चुनावी हवा बनाने का प्रयास करेगी।

सामाजिक समीकरणों का रखा जाएगा ध्यान
बूथ स्तर तक चलाए जाने वाले सदस्यता के इस विशेष अभियान में पार्टी सोशल इंजीनियरिंग का विशेष ध्यान रखेगी। उस इलाके के सामाजिक ताने-बाने का पूरा खयाल रखा जाएगा। इस अभियान में दूसरे दलों के इलाकाई चेहरों के साथ ही भाजपा जातीय क्षत्रपों और क्षेत्र के दूसरे प्रभावशाली चेहरों को भी जो़ड़ेगी। ऐसे लोगों को चिन्हित किया जाएगा। इस पर पार्टी की स्थानीय इकाइयों ने काम भी शुरू कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button