मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने 128 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों की दी सौगात

समोदा में लोकार्पण और भूमिपूजन कार्यक्रम में कई नई घोषणाएं, ग्राम रीवा में स्टॉप डैम निर्माण की घोषणा

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गुरुवार को आरंग विधानसभा क्षेत्र के नगर पंचायत समोदा में आयोजित कार्यक्रम में 128 करोड़ रुपये से अधिक के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इस अवसर पर उन्होंने क्षेत्र के विकास से जुड़ी कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं।

मुख्यमंत्री ने ग्राम रीवा में लगभग 4 करोड़ रुपये की लागत से स्टॉप डैम निर्माण की घोषणा करते हुए कहा कि सुशासन, विकास और जनकल्याण राज्य सरकार की प्राथमिकता है तथा सरकार का लक्ष्य विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने समोदा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में अहाता निर्माण, नगर पंचायत समोदा के पंचायत भवन में प्रथम तल निर्माण तथा ग्राम तुलसी के हाई स्कूल को हायर सेकेंडरी विद्यालय में उन्नयन की घोषणा भी की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने पिछले ढाई वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी के अधिकांश वादों को पूरा किया है। उन्होंने कहा कि “मोदी की गारंटी” जनता के विश्वास और सरकार की प्रतिबद्धता का प्रतीक बन चुकी है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में 18 लाख गरीब परिवारों के लिए प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें से 10 लाख से अधिक आवास पूर्ण हो चुके हैं। किसानों से 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदा जा रहा है, जबकि महतारी वंदन योजना के तहत अब तक महिलाओं के खातों में 18 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि हस्तांतरित की जा चुकी है।

उन्होंने कहा कि सरकार प्रदेश के दूरस्थ और ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, बिजली, पेयजल, स्वास्थ्य और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विस्तार पर तेजी से कार्य कर रही है। साथ ही प्रशासन को पारदर्शी, जवाबदेह और जनहितैषी बनाने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने बताया कि किसानों के लिए पर्याप्त मात्रा में खाद और बीज उपलब्ध कराया गया है। वहीं, सेवा सेतु के माध्यम से 520 से अधिक शासकीय सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं तथा मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 के जरिए शिकायतों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जा रहा है।

उन्होंने यह भी घोषणा की कि मुख्यमंत्री बिजली बिल समाधान योजना की अवधि तीन माह के लिए बढ़ा दी गई है। पात्र उपभोक्ता सितंबर तक मोर बिजली मोबाइल ऐप अथवा विभागीय वेबसाइट के माध्यम से पंजीयन कर योजना का लाभ प्राप्त कर सकते हैं।

कार्यक्रम में कौशल विकास एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में आरंग विधानसभा क्षेत्र को अब तक 858 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों की सौगात मिल चुकी है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने “एक पेड़ मां के नाम 2.0” अभियान के तहत आंवला का पौधारोपण किया, सरस्वती साइकिल योजना के अंतर्गत कक्षा 9 की छात्राओं को साइकिल वितरित की तथा जिला प्रशासन के मिशन उत्कर्ष के तहत उत्कृष्ट विद्यार्थियों को सम्मानित किया।

कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Back to top button