मेडिकल कॉलेज के पीछे स्टंटबाजी पर रायगढ़ पुलिस की सख्त कार्रवाई
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के बाद हरकत में आई पुलिस, पांच युवकों पर चालानी कार्रवाई
रायगढ़। मेडिकल कॉलेज के पीछे एकताल रोड पर खतरनाक बाइक स्टंट कर सोशल मीडिया पर वीडियो अपलोड करने वाले युवकों के खिलाफ रायगढ़ पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। वायरल वीडियो के संज्ञान में आने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) शशि मोहन सिंह ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर निगरानी बढ़ाई और स्टंट करने पहुंचे पांच युवकों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई की।
वायरल वीडियो ने बढ़ाई चिंता
जानकारी के अनुसार मेडिकल कॉलेज के पीछे एकताल रोड पर पाइपलाइन कार्य के लिए समतल की गई सड़कनुमा भूमि पर कुछ युवक ऊंचाई से तेज रफ्तार में बाइक चलाकर स्टंट कर रहे थे। इन स्टंट के वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किए जा रहे थे, जिसके चलते वहां बड़ी संख्या में युवकों की भीड़ जुटने लगी थी।
पुलिस के मुताबिक इस तरह की गतिविधियों से किसी भी समय गंभीर दुर्घटना होने की आशंका बनी हुई थी।
एसएसपी ने दिए तत्काल कार्रवाई के निर्देश
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी शशि मोहन सिंह ने डीएसपी ट्रैफिक उत्तम प्रताप सिंह एवं चक्रधरनगर थाना प्रभारी राकेश मिश्रा को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
निर्देशों के बाद पुलिस टीम ने संबंधित क्षेत्र में अवरोधक लगाए और नियमित पेट्रोलिंग बढ़ा दी, ताकि दोबारा इस तरह की गतिविधियों को रोका जा सके।
दोबारा पहुंचे स्टंटबाज, पुलिस ने पकड़ा
पुलिस की निगरानी के बावजूद गुरुवार को पांच युवक फिर से बाइक स्टंट करने के लिए मौके पर पहुंच गए। पुलिस टीम ने उन्हें पकड़कर एसएसपी के समक्ष प्रस्तुत किया।
एसएसपी ने युवकों को समझाइश देते हुए कहा कि सोशल मीडिया पर लोकप्रियता और अधिक व्यूज़ पाने के लिए अपनी जान जोखिम में डालना उचित नहीं है। उन्होंने युवाओं को जिम्मेदारी से वाहन चलाने और यातायात नियमों का पालन करने की सलाह दी।
अभिभावकों से भी की अपील
एसएसपी ने अभिभावकों से भी अपील करते हुए कहा कि वे अपने बच्चों की गतिविधियों पर नजर रखें और उन्हें ऐसे खतरनाक स्टंट एवं जोखिमपूर्ण गतिविधियों से दूर रहने के लिए प्रेरित करें।
उन्होंने बताया कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए संबंधित मार्ग पर कंसर्टिना कॉयल लगाए जाने की तैयारी भी की जा रही है।
मोटर व्हीकल एक्ट के तहत हुई कार्रवाई
डीएसपी ट्रैफिक उत्तम प्रताप सिंह ने बताया कि पकड़े गए युवकों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के प्रावधानों के तहत चालानी कार्रवाई की गई है।
रायगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थानों पर स्टंटबाजी, लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने और आमजन की सुरक्षा को खतरे में डालने वाले लोगों के खिलाफ आगे भी लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
एसएसपी का संदेश
“रोमांच और सोशल मीडिया के व्यूज़ के लिए अपनी जान जोखिम में न डालें। अभिभावक भी बच्चों की गतिविधियों पर नजर रखें और उन्हें ऐसे खतरनाक स्टंट से दूर रहने के लिए प्रेरित करें।” – शशि मोहन सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, रायगढ़।



