मेडिकल कॉलेज के प्रथम बैच के विद्यार्थियों से उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने किया संवाद
कवर्धा। कबीरधाम जिले के शासकीय नवीन चिकित्सा महाविद्यालय में बुधवार को नए शैक्षणिक सत्र एवं प्रथम बैच के विद्यार्थियों के प्रथम दिवस के अवसर पर विशेष ‘आत्मीय संवाद’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
सुबह करीब 10 बजे शुरू हुए इस ऐतिहासिक कार्यक्रम में प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा ने मेडिकल कॉलेज के विद्यार्थियों से सीधा संवाद किया। उन्होंने विद्यार्थियों से उनकी पढ़ाई, कॉलेज की व्यवस्थाओं और चिकित्सा शिक्षा से जुड़ी अपेक्षाओं के संबंध में चर्चा की।
*उपमुख्यमंत्री ने कहा*
संवाद के दौरान उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि मेडिकल कॉलेज की शुरुआत कबीरधाम जिले के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। यह कॉलेज केवल चिकित्सा शिक्षा का केंद्र नहीं, बल्कि जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने विद्यार्थियों को पूरी लगन और मेहनत के साथ अध्ययन करने तथा मानवीय संवेदनाओं को प्राथमिकता देते हुए समाज सेवा के लिए स्वयं को तैयार करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में कबीरधाम कलेक्टर तुलिका प्रजापति (IAS), कवर्धा सांसद संतोष पांडेय, भाजपा जिला अध्यक्ष राजेन्द्र चंद्रवंशी, मेडिकल कॉलेज की डीन प्रो. डॉ. प्रतिभा जैन साह सहित शैक्षणिक एवं प्रशासनिक स्टाफ मौजूद रहा। साथ ही संबद्ध चिकित्सालय के अधीक्षक डॉ. सुरेश ठाकुर, सीएमएचओ डॉ. डी.के. तुर्रे तथा सिविल सर्जन डॉ. केशव ध्रुव भी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का मंच संचालन सहायक प्राध्यापक डॉ. मोनिका कुंजाम ने किया। प्रथम बैच के विद्यार्थियों ने भी अपनी सुविधाओं और अपेक्षाओं से अवगत कराया। कॉलेज परिसर में उत्साह का माहौल रहा।
कबीरधाम में मेडिकल कॉलेज के प्रथम बैच की शुरुआत जिले में चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में एक नया अध्याय है।












