“मैं तुम्हें कल भी ब्लॉक अध्यक्ष नहीं मानता था और आज भी नहीं मानता”— विधायक भोलाराम साहू

जिला कांग्रेस की बैठक में हंगामा, विधायक और ब्लॉक अध्यक्ष के बीच तीखी नोकझोंक

छुरिया, 10 जुलाई। राजनांदगांव जिले के छुरिया में आयोजित जिला कांग्रेस की मासिक बैठक उस समय विवादों में घिर गई, जब स्थानीय विधायक भोलाराम साहू और ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष धर्मेन्द्र साहू के बीच तीखी बहस और आरोप-प्रत्यारोप की स्थिति बन गई। बैठक के दौरान विधायक द्वारा दिए गए एक बयान के बाद माहौल गर्म हो गया और कुछ समय के लिए हंगामे की स्थिति निर्मित हो गई।

जानकारी के अनुसार, जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा नगर पंचायत छुरिया स्थित साहू धर्मशाला में मासिक बैठक आयोजित की गई थी। बैठक में जिला कांग्रेस कमेटी, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों, स्थानीय विधायक, पूर्व विधायक तथा बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने भाग लिया।

बैठक के दौरान ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष धर्मेन्द्र साहू ने जिला नेतृत्व के समक्ष शिकायत रखते हुए कहा कि विधायक भोलाराम साहू जब क्षेत्रीय दौरे पर रहते हैं, तब संबंधित सेक्टर प्रभारी, मंडल अध्यक्ष और बूथ अध्यक्षों को इसकी जानकारी नहीं दी जाती। उनका कहना था कि इससे स्थानीय कार्यकर्ताओं में उपेक्षा की भावना पैदा हो रही है और संगठनात्मक समन्वय प्रभावित हो रहा है।

मामले को लेकर जिला ग्रामीण कांग्रेस के महामंत्री पंकज बांधव ने विधायक भोलाराम साहू से चर्चा की। इस दौरान जब विधायक ने शिकायतकर्ता का नाम पूछा और उन्हें बताया गया कि यह शिकायत ब्लॉक अध्यक्ष धर्मेन्द्र साहू द्वारा की गई है, तो दोनों नेताओं के बीच तीखी बहस शुरू हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इसी दौरान विधायक भोलाराम साहू ने कहा, “मैं तुम्हें कल भी ब्लॉक अध्यक्ष नहीं मानता था और आज भी ब्लॉक अध्यक्ष नहीं मानता।” इसके बाद बैठक में कुछ समय के लिए तनावपूर्ण माहौल बन गया।

स्थिति को बिगड़ता देख जिला ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष विपिन यादव ने हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों को समझाइश दी और मामले को शांत कराया। इसके बाद बैठक की कार्यवाही आगे बढ़ सकी।

बैठक में जिला ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष विपिन यादव, विधायक भोलाराम साहू, पूर्व विधायक श्रीमती छन्नी साहू, जिला कांग्रेस महामंत्री पंकज बांधव, चुम्मन साहू, राहुल तिवारी, जितेन्द्र सिंह भाटिया, यातिन खान, अमित उइके, राजू सिंह राजपूत, बलीराम साहू, श्रीमती सीमा यादव, श्रीमती राजकुमारी सिन्हा, धर्मेन्द्र साहू, प्रदीप पटेल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

जिला अध्यक्ष ने बताया सामान्य विवाद

मामले को लेकर जिला ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष विपिन यादव ने कहा कि बैठक के दौरान दोनों पक्षों के बीच कुछ मतभेद जरूर हुए थे, लेकिन बातचीत और समझाइश के बाद मामला शांत करा लिया गया।

“ऐसी कोई बड़ी बात नहीं थी। दोनों पक्षों के बीच सुलह कराकर मामला शांत करा लिया गया है।”
विपिन यादव, जिला ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष, राजनांदगांव

Back to top button