
रनवे पर बंदर से मची अफरा-तफरी, पायलट की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा
रायपुर: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर स्थित स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर गुरुवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक बंदर अचानक रनवे पर पहुंच गया। यह घटना लखनऊ से रायपुर आ रही यात्री फ्लाइट की लैंडिंग के दौरान हुई, जिसमें 132 यात्री सवार थे।
लैंडिंग के दौरान दिखा बंदर, तुरंत लिया निर्णय
जानकारी के अनुसार, फ्लाइट तय समय पर रायपुर एयरपोर्ट पहुंची थी और लैंडिंग के अंतिम चरण में थी। इसी दौरान पायलट की नजर रनवे पर दौड़ते एक बंदर पर पड़ी। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए पायलट ने तुरंत इमरजेंसी ब्रेक लगाकर विमान की रफ्तार नियंत्रित कर ली, जिससे संभावित बड़ा हादसा टल गया।
यात्रियों को लगा झटका, मची हलचल
अचानक ब्रेक लगने से विमान के अंदर यात्रियों को जोरदार झटका महसूस हुआ। कुछ समय के लिए घबराहट की स्थिति बन गई, लेकिन फ्लाइट के क्रू मेंबर्स ने स्थिति को संभालते हुए यात्रियों को शांत कराया।
एयरपोर्ट प्रशासन हुआ अलर्ट
घटना की जानकारी मिलते ही एयर ट्रैफिक कंट्रोल और एयरपोर्ट प्रशासन तुरंत सक्रिय हो गया। सुरक्षा टीम, ग्राउंड स्टाफ और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और बंदर को सुरक्षित तरीके से रनवे से हटाया गया। इसके बाद पूरे क्षेत्र की जांच की गई।
सुरक्षित उतारे गए सभी यात्री
रनवे क्लियर होने के बाद विमान को सुरक्षित रूप से पार्किंग बे तक ले जाया गया और सभी यात्रियों को सकुशल उतार लिया गया। इस घटना में किसी भी यात्री या क्रू मेंबर को चोट नहीं आई।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
रनवे जैसे संवेदनशील क्षेत्र में जानवर का पहुंच जाना एयरपोर्ट सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। इस घटना के बाद कुछ समय के लिए उड़ानों की आवाजाही भी प्रभावित रही।
मीडिया से दूरी बनाए रहा प्रबंधन
घटना के बाद एयरपोर्ट प्रबंधन ने मीडिया से दूरी बनाए रखी और अधिकृत जानकारी देने से अधिकारी बचते नजर आए।


