राजनांदगांव में आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई: अवैध शराब जब्त, ओवरचार्जिंग पर सेल्समैन ब्लैकलिस्ट

राजनांदगांव। जिले में अवैध शराब बिक्री और अनियमितताओं के खिलाफ आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। मंगलवार को दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए अवैध शराब जब्त की गई और अधिक कीमत वसूलने वाले सेल्समैन पर सख्त कदम उठाया गया।


महाराष्ट्र निर्मित अवैध शराब जब्त

बागनदी थाना क्षेत्र में मुखबिर की सूचना पर अमृत पाल सिंह भाटिया के रिहायशी मकान पर दबिश दी गई। तलाशी के दौरान महाराष्ट्र निर्मित ‘देशी दारू संत्री’ के 140 नग (प्रत्येक 90 एमएल) बरामद किए गए। कुल 12.600 बल्क लीटर शराब जब्त की गई है। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की गई है।


वीडियो वायरल होने पर जांच, सेल्समैन पर कार्रवाई

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए विभाग ने रेवाडीह-01 स्थित विदेशी मदिरा दुकान की जांच की। जांच में पाया गया कि सेल्समैन युगल किशोर खरे निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत वसूल रहा था।


एमआरपी से ज्यादा वसूली का खुलासा

जांच में सामने आया कि ‘वन शॉट’ व्हिस्की का पाव, जिसकी एमआरपी 150 रुपये है, उसे 200 रुपये में बेचा जा रहा था। सीसीटीवी फुटेज और वीडियो के आधार पर आरोपों की पुष्टि हुई।


सेल्समैन हटाया गया, ब्लैकलिस्ट की कार्रवाई

सहायक जिला आबकारी अधिकारी ने आरोपी सेल्समैन को तत्काल प्रभाव से कार्य से हटा दिया है और उसे ब्लैकलिस्ट करने के लिए उच्च अधिकारियों को प्रस्ताव भेजा गया है।


शिकायत के लिए हेल्पलाइन जारी

आबकारी विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी दुकान में निर्धारित दर से अधिक वसूली की जा रही हो, तो वे आबकारी उप निरीक्षक मुकेश वर्मा के मोबाइल नंबर 8412900180 पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं।


Back to top button