राजनांदगांव में शराब कोचियों और सटोरियों पर बसंतपुर पुलिस की कार्रवाई, 3 आरोपी गिरफ्तार
राजनांदगांव, 09 अगस्त थाना बसंतपुर पुलिस ने अवैध शराब बिक्री और सट्टा-पट्टी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो शराब कोचियों और एक सटोरिया समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 60 पौवा देशी शराब (10.800 बल्क लीटर), 5,600 की शराब, बिक्री रकम 200, सट्टा-पट्टी, डॉट पेन और 1,500 नगद बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक राजनांदगांव सुश्री अंकिता शर्मा (भा.पु.से.) के मार्गदर्शन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर और नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन (भा.पु.से.) के निर्देशन में जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में 8 अगस्त 2026 को बसंतपुर पुलिस को मुखबिर से अवैध शराब बिक्री और सट्टा-पट्टी लिखे जाने की सूचना मिली। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी।
कार्रवाई के दौरान जीतू श्रीरंगे (26) निवासी माखन बढ़ई गली, वार्ड नंबर 40 को सट्टा-पट्टी लिखते हुए पकड़ा गया। उसके कब्जे से 1,500 नगद, सट्टा-पट्टी और एक डॉट पेन बरामद किया गया।
वहीं अमन सोनवानी (29) निवासी गौशाला रोड, लालबाग प्रभात नगर के कब्जे से 20 पौवा देशी शोले मदिरा, कुल 3.600 बल्क लीटर, जिसकी कीमत 1,600 है, तथा 200 बिक्री रकम बरामद की गई। इसी तरह दिनेश यादव (20) निवासी इंदिरा नगर के कब्जे से 40 पौवा देशी शोले मसाला शराब, कुल 7.200 बल्क लीटर, कीमत 4,000 बरामद की गई।
इस तरह दोनों शराब कोचियों से कुल 60 पौवा देशी शराब (10.800 बल्क लीटर) और 200 बिक्री रकम बरामद हुई। वहीं सटोरिए से 1,500 नगद सहित सट्टा-पट्टी और डॉट पेन जब्त किया गया।
पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम एवं छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की। आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक कौशलेश देवांगन, म.प्र.आर. सीमा जैन, मेनका साहू, आरक्षक रूपेन्द्र वर्मा, राजेश बंदेश्वर सहित थाना बसंतपुर के अन्य पुलिस कर्मचारियों की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस ने कहा है कि अवैध शराब बिक्री, सट्टा और अन्य असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।



