पंचायत समाधान मंच की बड़ी सफलता: 27,705 वर्गफीट शासकीय भूमि अतिक्रमण मुक्त, संवाद से सुलझा मामला

पुसौर के बोंदाटिकरा में प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, शासकीय भूमि और नाले से हटाया अतिक्रमण

रायगढ़, 6 अप्रैल 2026। तहसील पुसौर अंतर्गत ग्राम बोंदाटिकरा में शासकीय भूमि एवं नाले पर किए गए अतिक्रमण को हटाने में जिला प्रशासन को बड़ी सफलता मिली है। पंचायत समाधान मंच के माध्यम से संवाद और सहमति की प्रक्रिया अपनाते हुए कुल 27,705 वर्गफीट शासकीय भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया।


शिकायतों के बाद शुरू हुई प्रक्रिया, संवाद से बना समाधान

विगत दिनों प्राप्त शिकायतों के आधार पर एसडीएम रायगढ़ के निर्देश पर पंचायत समाधान मंच के तहत संबंधित पक्षों से लगातार संवाद और समझाइश की गई। प्रशासन की इस पहल का सकारात्मक परिणाम सामने आया और सभी अतिक्रमणकर्ताओं ने स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाने पर सहमति जताई।


राजस्व अमले की संयुक्त टीम ने मौके पर की कार्रवाई

समझाइश के बाद आज तहसीलदार, नायब तहसीलदार एवं राजस्व अमले की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर विधिवत कार्रवाई की। इस दौरान शासकीय भूमि और नाले से अतिक्रमण हटाकर क्षेत्र को पुनः सार्वजनिक उपयोग के लिए मुक्त कराया गया।


किन-किन लोगों का अतिक्रमण हटाया गया

कार्रवाई के दौरान देवप्रसाद (पिता ठगवा) द्वारा 24,757 वर्गफीट, पैत राम (पिता घसिया) द्वारा 1,680 वर्गफीट, तिहारू (पिता जेठू) द्वारा 161 वर्गफीट, डमरू (पिता प्रिंजलाल) द्वारा 269 वर्गफीट, जयलाल द्वारा 258 वर्गफीट, सुशील कुर्रे द्वारा 258 वर्गफीट तथा परसेदिन द्वारा 322 वर्गफीट भूमि पर किया गया अतिक्रमण हटाया गया।


कुल 27,705 वर्गफीट भूमि हुई मुक्त

इस पूरी कार्रवाई के बाद कुल 27,705 वर्गफीट शासकीय भूमि को अतिक्रमण मुक्त कर दिया गया है, जिसे अब सार्वजनिक उपयोग के लिए पुनः उपलब्ध कराया गया है।


सहमति और संवाद से मिली सफलता

पंचायत समाधान मंच के माध्यम से यह कार्रवाई बिना विवाद और शांतिपूर्ण तरीके से पूरी हुई, जिसे प्रशासन की एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। अधिकारियों ने कहा कि ऐसे मॉडल से भविष्य में भी समस्याओं का समाधान किया जाएगा।

 

Back to top button