रायगढ़: ‘ऑपरेशन क्लीन हंट’ में बड़ी कार्रवाई, CHP चौक हिंसा का मुख्य आरोपी राजेश मरकाम गिरफ्तार

पुलिस पर हमले, आगजनी, लूटपाट और बलवा के चार मामलों में था फरार, न्यायिक रिमांड पर भेजा गया

रायगढ़। रायगढ़ पुलिस ने ‘ऑपरेशन क्लीन हंट’ के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए तमनार के CHP चौक हिंसा प्रकरण के मुख्य आरोपियों में शामिल राजेश मरकाम (39) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपी दिसंबर 2025 में हुई हिंसक घटना के बाद से फरार चल रहा था।

जनसुनवाई विरोध के दौरान भड़की थी हिंसा

पुलिस के अनुसार, गारे पेलमा सेक्टर-01 कोयला परियोजना की जनसुनवाई के विरोध में दिसंबर 2025 से लिबरा स्थित CHP चौक पर धरना-प्रदर्शन और आर्थिक नाकेबंदी चल रही थी। 27 दिसंबर 2025 को आंदोलन हिंसक हो गया।

आरोप है कि राजेश मरकाम और उसके साथियों ने आंदोलनकारियों को उकसाकर पुलिस बल पर लाठी, डंडे, टांगी और पत्थरों से हमला कराया। इस दौरान कई पुलिसकर्मी घायल हुए और शासकीय वॉकी-टॉकी तथा मोबाइल फोन भी लूट लिए गए।

वाहनों में आगजनी और तोड़फोड़

उग्र भीड़ ने पुलिस एवं प्रशासन के वाहनों में तोड़फोड़ कर आग लगा दी। साथ ही प्लांट परिसर में भी नुकसान पहुंचाया गया। इस पूरे घटनाक्रम में थाना तमनार में अलग-अलग शिकायतों के आधार पर 16 अपराध दर्ज किए गए।

अब तक 22 आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने बताया कि CHP चौक हिंसा प्रकरण में अब तक 22 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा चुका है। अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

संयुक्त टीम ने की गिरफ्तारी

मुखबिर से सूचना मिली कि फरार आरोपी राजेश मरकाम, निवासी खड़गांव (वर्तमान पता कसडोल, थाना तमनार), ग्राम बरपाली आया हुआ है। सूचना पर तमनार और पूंजीपथरा पुलिस की संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपी ने आंदोलन के दौरान हिंसक घटनाओं में शामिल होने की बात स्वीकार की। विवेचना के दौरान आंदोलनकारियों को उकसाने की भूमिका सामने आने पर मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 49 भी जोड़ी गई।

एसएसपी का बयान

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने, सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और हिंसा फैलाने वालों के खिलाफ रायगढ़ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए ‘ऑपरेशन क्लीन हंट’ के तहत अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Back to top button