रायगढ़ : खरसिया में गांजा बेचने निकला आरोपी गिरफ्तार, 5 किलो से अधिक गांजा जब्त

रायगढ़। जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत खरसिया पुलिस ने ग्राम छोटे देवगांव में कार्रवाई करते हुए 5.025 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। पुलिस ने गांजा बिक्री के लिए ग्राहक तलाश रहे 43 वर्षीय मोहन लाल गुप्ता को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की कीमत लगभग 2 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने दी दबिश

पुलिस के अनुसार, 27 अक्टूबर 2026 को सूचना मिली थी कि ग्राम छोटे देवगांव निवासी मोहन लाल गुप्ता गांजा रखकर उसे बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम गांव पहुंची और संदिग्ध की तलाश शुरू की।

पुलिस पहले उसके घर पहुंची, लेकिन वह वहां नहीं मिला। इसके बाद टीम ने उसे सड़क किनारे पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम मोहन लाल गुप्ता, उम्र 43 वर्ष, निवासी छोटे देवगांव, थाना खरसिया, जिला रायगढ़ बताया।

पांच पैकेट में मिला 5.025 किलो गांजा

पुलिस ने तलाशी के दौरान आरोपी के पास रखे प्लास्टिक के बोरे से गांजे के पांच पैकेट बरामद किए। तौल करने पर प्रत्येक पैकेट में 1.005 किलोग्राम गांजा मिला। कुल वजन 5.025 किलोग्राम बताया गया है। इसकी अनुमानित कीमत 2.50 लाख रुपये आंकी गई है।

पुलिस ने गांजा जब्त कर आरोपी के खिलाफ स्वापक औषधि एवं मन:प्रभावी पदार्थ अधिनियम की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज किया। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में कार्रवाई

यह कार्रवाई खरसिया के अनुविभागीय पुलिस अधिकारी सतीश भार्गव के पर्यवेक्षण और थाना प्रभारी निरीक्षक सीताराम ध्रुव के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में प्रशिक्षु उप निरीक्षक मुकेश कुमार, सहायक उप निरीक्षक उमाशंकर धृतांत, प्रधान आरक्षक महेन्द्र खरे, रामनाथ बनर्जी तथा आरक्षक विशोप सिंह और हेमलाल सिदार की भूमिका रही।

नशे के अवैध कारोबार पर कार्रवाई जारी

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री और तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने आम नागरिकों से भी नशे के अवैध कारोबार की जानकारी पुलिस को देने की अपील की।

Back to top button