रायगढ़ : घर के बंटवारे को लेकर बड़े भाई पर टांगा से हमला, दो महीने से फरार आरोपी गांव लौटते ही गिरफ्तार

चिमटापानी में हुई थी वारदात, गंभीर चोट के बाद मेडिकल कॉलेज में कराया गया था इलाज

रायगढ़। घर के बंटवारे को लेकर हुए विवाद में अपने बड़े भाई पर लोहे के टांगा से हमला करने के आरोप में करीब दो महीने से फरार चल रहे आरोपी को घरघोड़ा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया लोहे का टांगा भी बरामद किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

मकान को लेकर भाइयों के बीच चल रहा था विवाद

मामला घरघोड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम चिमटापानी का है। पुलिस के अनुसार महेत राम राठिया तीन भाइयों में सबसे बड़े हैं। उनका छोटे भाइयों रूपधर राठिया और पुनीराम राठिया के साथ मकान को लेकर विवाद चल रहा था।

बताया गया कि रूपधर मकान पर अपना अधिकार जताते हुए परिवार के सदस्यों को घर खाली करने के लिए कहता था। इसी बात को लेकर परिवार में पहले से तनाव की स्थिति थी।

बातचीत के दौरान बढ़ गया विवाद

22 जून की शाम महेत राम अपने पिता और भाई रूपधर के साथ घर की परछी में मौजूद थे। इसी दौरान मकान से बाहर जाने की बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई।

आरोप है कि विवाद बढ़ने पर रूपधर ने गाली-गलौज करते हुए हाथ में मौजूद लोहे के टांगा से अपने बड़े भाई पर हमला कर दिया।

सिर और आंख के पास आई गंभीर चोट

हमले में महेत राम के सिर, सिर के पिछले हिस्से और बाईं आंख के पास चोटें आईं। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव किया और घायल को डायल-112 की मदद से घरघोड़ा अस्पताल पहुंचाया गया।

प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने घायल को मेडिकल कॉलेज रायगढ़ रेफर किया, जहां उसका उपचार कराया गया।

मेडिकल रिपोर्ट के बाद हत्या के प्रयास की धारा जोड़ी

घटना के संबंध में 4 जुलाई को घरघोड़ा थाने में शिकायत दर्ज कराई गई थी। प्रारंभ में पुलिस ने BNS की धारा 296, 351(3) और 115(2) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।

बाद में घायल की मेडिकल रिपोर्ट और गवाहों के बयान के आधार पर पुलिस ने मामले में हत्या के प्रयास से संबंधित धारा 109(2) BNS भी जोड़ दी।

घटना के बाद बाहर चला गया था आरोपी

मामला दर्ज होने के बाद रूपधर राठिया लगातार फरार था। पुलिस उसकी तलाश के लिए संभावित ठिकानों पर नजर रख रही थी और उसके गांव में भी मुखबिर तंत्र सक्रिय किया गया था।

पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी करीब दो महीने बाद वापस अपने गांव चिमटापानी आया है। इसके बाद टीम ने तत्काल घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।

पूछताछ में घटना में शामिल होना स्वीकार करने का दावा

पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने घटना में शामिल होना स्वीकार किया। उसने बताया कि वारदात के बाद वह काम की तलाश में बाहर चला गया था।

आरोपी के कथित मेमोरेंडम के आधार पर पुलिस ने घटना में इस्तेमाल लोहे का टांगा बरामद कर लिया।

आरोपी न्यायिक रिमांड पर भेजा गया

पुलिस ने रूपधर राठिया को विधिवत गिरफ्तार करने के बाद न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। मामले में आगे की विवेचना जारी है।

पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में फरार आरोपी की गिरफ्तारी और वारदात में प्रयुक्त हथियार की बरामदगी के लिए घरघोड़ा पुलिस टीम ने कार्रवाई की।

Back to top button