रायगढ़ : जातिसूचक गाली-गलौज और मारपीट के मामले में फरार आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजा
ऑपरेशन क्लीन हंट के तहत घरघोड़ा पुलिस की कार्रवाई
रायगढ़, 6 सितंबर 2026। जिले में फरार आरोपियों और वारंटियों की तलाश के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन क्लीन हंट के तहत घरघोड़ा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान तारिख अनवर उर्फ मोनू खान (28) निवासी घरघोड़ा के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
कंचनपुर के पास पिकअप रोककर मारपीट का आरोप
पुलिस के मुताबिक, घटना 14 फरवरी 2026 की रात की है। शिकायतकर्ता अपने पिकअप वाहन से घरघोड़ा से जामपाली की ओर जा रहा था। कंचनपुर के पास पीछे से आ रही कार को रास्ता नहीं मिलने पर आरोपी ने कथित तौर पर पिकअप को रोक दिया।
आरोप है कि इसके बाद आरोपी ने शिकायतकर्ता को वाहन से नीचे उतारा और जातिसूचक व अश्लील गाली-गलौज करते हुए थप्पड़ और लात-घूंसों से मारपीट की। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने की बात भी शिकायत में कही गई है।
फरवरी में दर्ज हुआ था मामला
घटना के संबंध में 15 फरवरी 2026 को शिकायत मिलने के बाद घरघोड़ा थाने में अपराध क्रमांक 49/2026 दर्ज किया गया। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 296, 351(3) और 115(2) के तहत मामला कायम कर जांच शुरू की।
विवेचना के दौरान शिकायतकर्ता की ओर से जाति प्रमाण पत्र प्रस्तुत किए जाने और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर प्रकरण में एससी/एसटी (अत्याचार निवारण) अधिनियम, 1989 की संबंधित धाराएं भी जोड़ी गईं।
4 सितंबर को पुलिस ने पकड़ा
मामले की जांच एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी के निर्देशन में चल रही थी। वहीं थाना प्रभारी घरघोड़ा निरीक्षक कुमार गौरव साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम आरोपी की लगातार तलाश कर रही थी।
इसी क्रम में 4 सितंबर 2026 को पुलिस ने तारिख अनवर उर्फ मोनू खान को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान घटना में संलिप्तता स्वीकार किए जाने के बाद उसे विधिवत गिरफ्तार किया गया।
न्यायिक रिमांड पर भेजा गया
गिरफ्तारी के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों और वारंटियों के खिलाफ ऑपरेशन क्लीन हंट के तहत कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।












