छत्तीसगढ़

रायगढ़ जिला अधिवक्ता संघ ने एसपी को सौंपा ज्ञापन : चालान व प्रतिबंधात्मक प्रकरणों में पुलिसकर्मियों के हस्तक्षेप पर रोक की मांग

नवरात्रि दिवाली मोबाइल मेगा ऑफर
श्री पारस कलेक्शन दिवाली धमाका
1795435532630

रायगढ़। जिला न्यायालय एवं कार्यपालिका दंडाधिकारी (SDM/तहसीलदार) न्यायालयों में प्रस्तुत होने वाले समरी चालान और प्रतिबंधात्मक प्रकरणों में कुछ पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों के कथित हस्तक्षेप को लेकर जिला अधिवक्ता संघ, रायगढ़ ने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा है। 26 नवंबर 2026 को दिए गए इस ज्ञापन में संघ ने पक्षकारों को भ्रमित करने, स्वयं अपराध स्वीकार कराने और चुनिंदा अधिवक्ताओं का नाम सुझाने जैसी शिकायतों पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है।

समरी चालान और इस्तगासों में अनियमितता के आरोप

जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष महेंद्र सिंह यादव के हस्ताक्षर से सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया है कि जिला न्यायालय रायगढ़ और एसडीएम/तहसीलदार न्यायालयों में चालान व इस्तगासा पेश करने वाले कुछ पुलिसकर्मी सेवा नियमों के विपरीत आचरण कर रहे हैं। संघ के अनुसार, छोटे आपराधिक मामलों और समरी चालान में आरोपियों को यह कहकर गुमराह किया जाता है कि वकील करने की जरूरत नहीं है और पुलिसकर्मी स्वयं कम अर्थदंड में अपराध स्वीकार करवाकर प्रकरण समाप्त करा देंगे।

ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) एवं दंड प्रक्रिया संहिता (CrPC) की प्रतिबंधात्मक धाराओं (जैसे 126, 135, 170 BNSS / 107, 116, 151 CrPC) के तहत पेश होने वाले इस्तगासों में भी पक्षकारों को विधिक सलाह लेने से रोकने और जमानत व प्रकरण निपटाने के नाम पर अनुचित लाभ उठाने की शिकायतें सामने आ रही हैं।

विधिक प्रतिनिधित्व और सेवा आचरण नियमों का हवाला

अधिवक्ता संघ ने अपने ज्ञापन में आरोप लगाया है कि कुछ मामलों में पुलिसकर्मियों द्वारा पक्षकारों पर विशेष या चुनिंदा अधिवक्ता के पास जाने का दबाव बनाया जाता है अथवा उनका नाम सुझाया जाता है, जो निष्पक्ष विधिक प्रतिनिधित्व के सिद्धांतों और अधिवक्ता अधिनियम, 1961 के विरुद्ध है। संघ के मुताबिक, पुलिस का कार्य निष्पक्ष विवेचना कर तथ्य रखना है, जबकि इस तरह का व्यवहार छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियमों का उल्लंघन है और इससे न्यायपालिका की गरिमा प्रभावित होती है।

सख्त निर्देश और अनुशासनात्मक कार्रवाई की मांग

जिला अधिवक्ता संघ ने एसपी से मांग की है कि सभी थाना प्रभारियों, चालान मुंशियों और न्यायालयीन ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मियों को सख्त निर्देश जारी किए जाएं कि वे किसी भी पक्षकार को अधिवक्ता न करने की सलाह न दें और न ही किसी विशेष वकील का नाम सुझाएं। साथ ही चालान या इस्तगासा पेश होने के बाद स्वयं अपराध स्वीकार कराने या मध्यस्थता करने की प्रवृत्ति पर रोक लगाने और शिकायत मिलने पर कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई करने का आग्रह किया गया है।

ज्ञापन की प्रतिलिपि जिला एवं सत्र न्यायाधीश, कलेक्टर व जिला दंडाधिकारी, बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (IG), संबंधित एसडीएम और तहसीलदार को भी भेजी गई है।

ज्ञापन सौंपने के दौरान अध्यक्ष महेंद्र सिंह यादव के साथ सचिव जय मालाकर, सह सचिव भावेश स्वर्णकार, ग्रंथपाल सचिव कौशल राजपूत, क्रीड़ा सचिव गोपी राम यादव, दीपा निराला, प्रीति महंत, काजल पैंकरा और प्रवीण साहू मौजूद रहे।

भीम तिवारी

भीम तिवारी

प्रधान संपादक
Back to top button